Siwan News: जिले में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. जिले के 10 प्रखंडों की 57 पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 190 संवेदनशील गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को अग्रिम तैयारियां पूरी करने का कड़ा निर्देश दिया है. असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (CS) ने 27 अगस्त को आधिकारिक पत्र जारी कर बसंतपुर, भगवानपुर हाट, गोरेयाकोठी और लकड़ीनवीगंज सहित अन्य प्रभावित प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है.
पंचायत स्तर पर गठित होंगी मेडिकल टीमें
जारी निर्देश के अनुसार बाढ़ की स्थिति में सुदूर गांवों तक तुरंत चिकित्सीय सहायता पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर विशेष मेडिकल टीमों का गठन किया जाएगा. हर पंचायत में एक चिकित्सक को नोडल पदाधिकारी नामित किया जाएगा. इसके साथ ही नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की रोस्टर के आधार पर प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि जलजमाव या बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को 24 घंटे आपातकालीन उपचार मिल सके.
गर्भवती महिलाओं व गंभीर मरीजों के लिए पूर्व परिवहन और प्रसव की SOP तैयार
स्वास्थ्य विभाग ने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं. संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रसव पीड़ा या आपातकाल के दौरान मरीजों को सुरक्षित नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के लिए पहले से एंबुलेंस व परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही बच्चों व धात्री माताओं के नियमित टीकाकरण को निर्बाध रखने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में ब्लीचिंग पाउडर, हैलोजन टैबलेट व आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त बफर स्टॉक तैयार रखने का आदेश दिया गया है. आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटरों को अपने-अपने पोषक क्षेत्र के गांवों का निरंतर भ्रमण कर रिपोर्ट देने को कहा गया है.
जिले के इन 10 प्रखंडों के 190 गांव किए गए हैं चिन्हित
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित किए गए 190 गांवों में प्रखंडवार विवरण इस प्रकार है:
- बड़हरिया: 41 गांव
- गोरेयाकोठी: 37 गांव
- लकड़ीनवीगंज: 36 गांव
- दरौली: 33 गांव
- भगवानपुर हाट: 11 गांव
- सिसवन: 11 गांव
- रघुनाथपुर: 09 गांव
- गुठनी: 05 गांव
- बसंतपुर: 04 गांव
- आंदर: 03 गांव
सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिया है कि बाढ़ या जलजमाव से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष व सिविल सर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए.
Also Read: सीवान: आसांव पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ शराब और आर्म्स एक्ट के फरार आरोपित के घर चिपकाया इश्तेहार
