नगर पंचायत हसनपुरा सहित प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जयंती ईद-ए-मिलादुन्नबी अकीदत और उत्साह के साथ मनायी जायेगी. पर्व को लेकर अरंडा, हसनपुरा, उसरी खुर्द, शेखपुरा, खाजेपुर, निजामपुर, गायघाट, सेमरी, रजनपुरा, टोलापुर और मंद्रपाली समेत विभिन्न गांवों में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं.
गांवों में सजावट और रोशनी से बढ़ी रौनक
ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में खासा उत्साह है. गांवों में साफ-सफाई के साथ घरों, मस्जिदों, मदरसों और प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है. कई जगहों पर विशेष सजावट भी की गयी है. अकीदतमंद अपने-अपने स्तर से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हैं.
12 रबीउल अव्वल का विशेष महत्व
उलेमाओं के अनुसार इस्लामी इतिहास में 12 रबीउल अव्वल का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इसी दिन अरब के मक्का शहर में हजरत अब्दुल्लाह और बीबी आमिना के घर पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम का जन्म हुआ था. इस अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
पर्व को लेकर प्रशासन भी सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर सतर्क है. संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. स्थानीय लोगों ने भी आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें:छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात
