सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षा 15 से 20 सितंबर तक आयोजित की जाएगी. शिक्षा विभाग ने परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है. कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा होगी, जबकि कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा ली जाएगी. परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा.
दो पालियों में होगी परीक्षा
अर्धवार्षिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक होगी. कक्षा 1 और 2 की मौखिक परीक्षा संबंधित कक्षा शिक्षक द्वारा ली जाएगी. बच्चों से पूछे जाने वाले प्रश्न भी ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे.
कक्षा 3 से 8 तक मिलेगी उत्तर पुस्तिका
कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए उत्तर पुस्तिका विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं परीक्षा के प्रश्नपत्र विद्यालयों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल से डाउनलोड करने होंगे. विभाग ने विद्यालयों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा आयोजित कराने का निर्देश दिया है.
21 से 25 सितंबर तक होगा मूल्यांकन
अर्धवार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद 21 से 25 सितंबर के बीच उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा. कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन संकुल स्तर पर किया जाएगा. शारीरिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कला जैसे सह-शैक्षिक विषयों का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर किया जाएगा.
कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए शारीरिक शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यावसायिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान और कला का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर किया जाएगा. इन विषयों में विद्यार्थियों की ग्रेडिंग भी की जाएगी.
26 सितंबर को होगी पैरेंट्स-टीचर मीट
मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 26 सितंबर को विद्यालयों में पैरेंट्स-टीचर मीट का आयोजन किया जाएगा. इसी दौरान विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा और अभिभावकों को बच्चों के प्रदर्शन की जानकारी दी जाएगी.
ये है परीक्षा का शेड्यूल
| तिथि | पहली पाली | दूसरी पाली |
| 15 सितंबर | हिंदी/उर्दू/बंगला (कक्षा 1-8) | विज्ञान (कक्षा 6-8) |
| 16 सितंबर | अंग्रेजी (कक्षा 1-8) | पर्यावरण/सामाजिक विज्ञान (कक्षा 3-8) |
| 17 सितंबर | गणित (कक्षा 1-8) | संस्कृत (कक्षा 6-8) |
| 18 सितंबर | सह-शैक्षिक गतिविधियां (कक्षा 1-8, हिंदी स्कूल) | — |
| 19 सितंबर | हिंदी (अहिंदी भाषी विद्यार्थियों के लिए) | — |
| 20 सितंबर | सह-शैक्षिक गतिविधियां (मकतब/उर्दू स्कूल) | — |
