सीवान: गुठनी में 20 सूत्री समिति की बैठक, जलजमाव, खाद संकट, पेंशन और MDM की अनियमितताओं पर उठे सवाल

गुठनी प्रखंड कार्यालय में 20 सूत्री समिति की तीसरी बैठक संपन्न हुई. इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई और विकास कार्यों में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई. जलजमाव, खाद संकट, और पेंशन भुगतान जैसी गंभीर अनियमितताओं को उजागर किया गया.

Siwan News: गुठनी प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन में गुरुवार को 20 सूत्री प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की तीसरी बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने की. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, नगर पंचायत, आंगनबाड़ी, जल-नल योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई तथा विकास कार्यों में आ रही समस्याओं और अनियमितताओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

पिछली बैठक के मुद्दों पर जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी

बैठक के दौरान समिति सदस्य सुनील ठाकुर ने कहा कि पिछली बैठक में उठाए गए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर संबंधित विभागों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की.

जलजमाव और स्कूल तक सड़क का मुद्दा उठा

समिति सदस्य सह भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष समरजीत सिंह ने जतौर बाजार स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में जलजमाव की समस्या उठाई. उन्होंने कहा कि बरसात में विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में भारी परेशानी होती है.

वहीं सदस्य गुड्डू राय ने बसुहारी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं होने का मुद्दा उठाया. इस पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा पहुंच मार्ग के लिए बीडीओ और सीओ के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

खाद-बीज, MDM और पेंशन भुगतान पर भी चर्चा

समिति सदस्य सुदामा प्रसाद ने किसानों को समय पर बीज और यूरिया उपलब्ध नहीं होने की समस्या उठाई. उन्होंने कहा कि इससे किसानों को खेती करने में कठिनाई हो रही है.

सदस्य मन्नान अंसारी ने विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) मेन्यू के अनुरूप भोजन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया. वहीं नीरज बरनवाल ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के कई लाभार्थियों का NPCI अपडेट नहीं होने से लगभग 50 प्रतिशत पेंशनधारियों के खातों में राशि नहीं पहुंच रही है. साथ ही जीवित प्रमाण-पत्र का समय पर सत्यापन नहीं होने से भी कई लोगों की पेंशन बाधित है.

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, बिजली और जल-नल योजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई.

बीडीओ ने कार्रवाई का दिया भरोसा

बैठक में बीडीओ नवनीत नमन, सीओ डॉ. विकास कुमार, बीपीआरओ कुमार कार्तिकेन, कनीय अभियंता अवनीश कुमार सिंह, एसआई प्रवीण कुमार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष राजू राम तथा समिति सदस्य धर्मेंद्र सिंह, हरिवंश रजक, गुड्डू राय, रमिता देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

बैठक के बाद बीडीओ नवनीत नमन ने कहा कि सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों और समस्याओं पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी.

Also Read:पटना यूनिवर्सिटी के शिक्षक और कर्मचारी निकले लोक भवन मार्च के लिए, जानिए क्यों कर रहे नये विधेयक का विरोध


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandra Prakash

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >