गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल है जी राम जी : संजय

भाजपा के प्रदेश मंत्री कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने परिसदन में की प्रेसवार्ता

सीवान . भाजपा के प्रदेश मंत्री सह कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने गुरुवार को परिसदन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन) को गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गांवों को समृद्ध और सशक्त बनाना अनिवार्य है, और यही इस योजना का मूल उद्देश्य है. संजय गुप्ता ने कहा कि जी राम जी योजना पारदर्शिता, तकनीक और जवाबदेही पर आधारित है. यह योजना केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण युवाओं को कुशलता, आजीविका, एमएसएमई और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का कार्य करेगी.

125 दिन रोजगार की गारंटी

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 100 दिनों के बजाय 125 दिनों तक रोजगार देने का प्रावधान है. साथ ही कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों का अवकाश रखा गया है, जिससे किसानों को बुआई और कटाई के समय स्थानीय मजदूर आसानी से उपलब्ध हो सकें. सात दिनों में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. यदि 15 दिनों तक न तो काम मिला और न भुगतान हुआ, तो बेरोजगारी भत्ता देने का स्पष्ट प्रावधान है. नाम को लेकर उठ रहे विवादों पर संजय गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जी राम जी’ नाम गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन का स्वाभाविक शॉर्ट फॉर्म है. इसमें किसी धार्मिक एजेंडे का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने कहा कि राम भारत की सांस्कृतिक चेतना में रचे-बसे हैं, और कांग्रेस का इस नाम पर आपत्ति करना उनकी नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है.

उन्होंने दावा किया कि तकनीक, बायोमेट्रिक सिस्टम, जनधन खाते और एआइ आधारित निगरानी से भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगेगा. अंत में उन्होंने कहा कि जब तक गांव मजबूत नहीं होंगे, तब तक देश मजबूत नहीं हो सकता. इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता रामराज्य यादव, विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, रंजीत प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पांडे, अनुराधा गुप्ता, राजेश कुमार श्रीवास्तवा, कुन्दन सिंह, धनंजय सिंह एवं आदित्य पाठक उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >