Kisan Sangh Andolan: भारतीय किसान संघ महाराजगंज प्रखंड कार्यसमिति की बैठक रविवार को शहर के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में हुई. बैठक की अध्यक्षता अमरेश गौतम ने की. इसमें राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में रैयतों को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. समस्याओं के समाधान को लेकर किसान संघ ने चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया.
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की घोषणा के बावजूद राजस्व विभाग में रैयतों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं. आरोप लगाया गया कि विभाग के कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक की संलिप्तता के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है. वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से चलाये जा रहे राजस्व अभियान और सहयोग शिविर भी किसानों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं कर पा रहे हैं.
17 सितंबर से ग्राम समितियां सौंपेंगी ज्ञापन
किसान संघ के अनुसार आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत 17 सितंबर से होगी. 30 सितंबर तक ग्राम समितियों के माध्यम से मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा. भारतीय किसान संघ भगवान बलराम जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाता आ रहा है.
एक अक्टूबर से अंचल कार्यालयों पर धरना
आंदोलन के दूसरे चरण में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक अंचल कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान रैयतों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा.
तीसरे चरण में एक नवंबर से 15 नवंबर तक लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों से संवाद कर उन्हें ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय किया गया है.
जिला मुख्यालयों पर भी होगा प्रदर्शन
आंदोलन के चौथे चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम होगा. किसान संघ ने कहा कि इसके बाद भी रैयतों की समस्याओं का सार्थक समाधान नहीं हुआ, तो संगठन की ओर से पटना पहुंचकर आंदोलन करने की घोषणा की जाएगी.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश प्रचार प्रमुख मनोज कुमार सिंह, शशिभूषण सिंह, दिलीप भारती, बबन तिवारी, अमरेश गौतम, सुरेश यादव, बांका यादव, रत्नेश चंद्र सिंह, सीमा देवी, श्रीनिवास सिंह, स्वामी नाथ यादव सहित अन्य उपस्थित रहे.
