Siwan News: सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के चंदौली–गंगौली गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेत में काम के दौरान हुई घटना
मृतक की पहचान शिव शंकर साह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह सुबह अपने खेत में काम करने गए थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए और खेत में ही गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अचेत अवस्था में किसान को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल ले गए. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिव शंकर साह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि शिव शंकर साह मेहनती, सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद आंदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
मुआवजे की उठी मांग
ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि किसान की मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
