Education Reform: इंकलाबी नौजवान सभा और आइसा की संयुक्त बैठक सोमवार को हुई. बैठक में जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के दमन के बावजूद देश के छात्र और युवा जाग चुके हैं. सरकार ने बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं. बचे हुए स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए छात्र-नौजवान जांच करने जा रहे हैं, तो उन्हें स्कूलों में जाने से रोका जा रहा है. शिक्षा और परीक्षा में सुधार की मांग करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है.
शिक्षा, परीक्षा और रोजगार बना बड़ा मुद्दा
इंकलाबी नौजवान सभा के जिला सचिव जयशंकर पंडित ने कहा कि छात्र-युवाओं के सामने शिक्षा, परीक्षा और रोजगार सबसे बड़ी समस्या है. सरकारी नौकरियों में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने बताया कि शिक्षा में सुधार के लिए बिहार के 13 विश्वविद्यालयों में छात्र युवा संसद का आयोजन किया जा रहा है. इसका समापन पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में होगा. कार्यक्रम में भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा शामिल होंगी.
‘स्कूल ठीक करो, शिक्षा सुधारो’ अभियान चलाने का फैसला
आइसा के जिला सचिव अनीश कुशवाहा ने कहा कि अब जेन जी के साथ जेन अल्फा भी अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर रहा है. स्कूलों में किताब, भवन, सड़क और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है. उन्होंने कहा कि आइसा और इंकलाबी नौजवान सभा पूरे देश में ‘स्कूल ठीक करो, शिक्षा सुधारो’ अभियान चलाएगा.
बैठक में बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान हुए शामिल
बैठक में विशाल यादव, विकास यादव, अमित गोंड, मंटू, सुनील पासवान, धर्मेंद्र साह, सुनील यादव, ओम शर्मा, राज तारा, अरुण राम, जितेंद्र यादव, जफर, नीरज, पंकज यादव और अरविंद प्रसाद सहित बड़ी संख्या में छात्र और नौजवान मौजूद थे.
Also Read : सीवान के मैरवा में 82 लीटर शराब बरामद, कार की सीट में छिपाकर ले जा रहा चालक गिरफ्तार
