Siwan News : सीवान जिला स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन को लेकर शनिवार को समाहरणालय के संवाद कक्ष में जिला आयोजन समिति की बैठक हुई. अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार राम की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
21 सितंबर से एक अक्तूबर तक होगा पंजीयन
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव को जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर खिलाड़ियों का पंजीयन निर्धारित अवधि में कराने का निर्देश दिया गया. खिलाड़ियों का पंजीयन 21 सितंबर से एक अक्तूबर तक कराया जायेगा. पंजीयन का समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है.
स्कूलों में होगा प्रतियोगिता का प्रचार-प्रसार
जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अपने स्तर से सभी संबंधित विद्यालयों में प्रतियोगिता को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करायें. इसका उद्देश्य निर्धारित अवधि में योग्य छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करना है. अधिकारियों को प्रतियोगिता की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया.
आयोजन को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी
बैठक में प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गयी. संबंधित विभागों के अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया गया.
बैठक में सीवान सदर के अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद सीवान के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीएवी उच्च विद्यालय सीवान के प्रधानाध्यापक, सरस्वती विद्या निकेतन (वीएम हाई स्कूल) के प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षक मनोरंजन कुमार सिंह व अरविंद शंकर, कार्यालय लिपिक सतीश चंद्र, एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के दोनों प्रशिक्षक तथा वरीय खिलाड़ी मौजूद थे.
