सीवान में 10 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का आज होगा शुभारंभ, छात्रों को प्रखंड स्तर पर मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा

सीवान जिले के दस प्रखंडों में आज नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया जाएगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऑनलाइन माध्यम से इसका शुभारंभ करेंगे. इससे ग्रामीण छात्रों को उनके प्रखंड में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा.

सीवान जिले के दस प्रखंडों में नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का बुधवार को उद्घाटन किया जाएगा. सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत "शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य" अभियान अंतर्गत इन कॉलेजों की स्थापना की गई है. राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऑनलाइन वर्चुअल माध्यम से बटन दबाकर इन महाविद्यालयों का उद्घाटन करेंगे.

हुसैनगंज कॉलेज में होगा मुख्य समारोह, प्रभारी मंत्री सहित कई अतिथि रहेंगे मौजूद

मुख्य उद्घाटन समारोह हुसैनगंज में स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा सांसद, सभी विधायक और जिले के प्रभारी सचिव धर्मेंद्र सिंह को भी जिला प्रशासन की ओर से निमंत्रण भेजा गया है.

10 प्रखंडों में एक साथ शुरू होगा शैक्षणिक सत्र

जिले के आंदर, हुसैनगंज, दरौंदा, सिसवन, नौतन, दरौली, गुठनी, बसंतपुर, भगवानपुर हाट और लकड़ी नबीगंज प्रखंडों में स्थापित नए सरकारी महाविद्यालयों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. सभी कॉलेजों में सुबह 10 बजे ओरिएंटेशन सह सत्रारंभ कार्यक्रम होगा.

नए छात्रों को मिलेगी कॉलेज की सुविधाओं और पाठ्यक्रम की जानकारी

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान नव नामांकित विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा. छात्रों को कॉलेज में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विभिन्न पाठ्यक्रमों, अध्ययन व्यवस्था और करियर संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करना और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है.

ग्रामीण छात्रों को मिलेगा अपने प्रखंड में उच्च शिक्षा का अवसर

नए राजकीय डिग्री कॉलेजों की स्थापना से सीवान जिले के विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और जिले में उच्च शिक्षा का विस्तार होगा.

उद्घाटन की तैयारियां पूरी, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

माध्यमिक संभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अभिजीत ने बताया कि सभी नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में उद्घाटन से पहले तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के दिशा-निर्देशन में पूरा किया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >