Siwan News : नगर परिषद में शनिवार को मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में साधारण बोर्ड की बैठक हुई. बैठक में शहर के विकास, सफाई, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिये गये. प्रत्येक वार्ड में दो-दो योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने के साथ उनकी निविदा प्रकाशित कराने पर सहमति बनी. सशक्त स्थायी समिति और साधारण बोर्ड की पिछली बैठकों की कार्यवाही की भी संपुष्टि की गयी.
सभी मान्यता प्राप्त क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों को मिलेगा स्टेडियम
18 सितंबर को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक के निर्णय के आलोक में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के स्थान पर सभी मान्यता प्राप्त क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों को राजेंद्र स्टेडियम आवंटित करने पर सहमति बनी. इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की गयी.
गांधी मैदान पोखरा में मरम्मत, गार्ड रूम, पेंटिंग, नाव और लाइटिंग की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया. गांधी मैदान में ओपन जिम, पिंक शौचालय और कैफेटेरिया चालू कराने की भी स्वीकृति दी गयी. पंच मंदिरा पोखरा में नाव और पौधारोपण कराने पर सहमति बनी.
वेंडिंग जोन और पार्किंग जोन बनाने की मंजूरी
शहर में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई निर्णय लिये गये. दारोगा राय कॉलेज के पहले सड़क के बायीं ओर वेंडिंग जोन बनाने की स्वीकृति दी गयी. कचहरी रोड-महादेवा रोड में बघवा वाला गेट से डाक बंगला मोड़ तक दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग जोन बनाया जायेगा.
शांति वट वृक्ष से डीएवी मोड़ तक सड़क के दोनों तरफ नाला निर्माण और डिवाइडर लगाने की स्वीकृति दी गयी. इसी मार्ग पर अतिक्रमण हटाकर ओवरब्रिज के नीचे दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी.
सम्राट अशोक भवन और पोखरा विकास को भी मंजूरी
वार्ड 15 के पकड़ी स्थित पोखरा में जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत काम कराने का निर्णय लिया गया. वार्ड 45 में जगह चिह्नित कर सम्राट अशोक भवन के निर्माण की स्वीकृति दी गयी.
ब्रह्मस्थान चौक और बाजार कसेरा टोली में क्षतिग्रस्त कुएं का जीर्णोद्धार कराने के साथ नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में खराब कुओं की मरम्मत कराने का फैसला लिया गया. नगर परिषद की परिसंपत्तियों के जीर्णोद्धार और आवश्यक निर्माण कार्य कराने पर भी सहमति बनी.
सफाई व्यवस्था पर मांगा गया पूरा ब्योरा
बैठक में वार्ड 27 के पार्षद ने सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये. इसके बाद नगर परिषद में सफाई व्यवस्था पर हो रहे खर्च, उपलब्ध मानव संसाधन और वाहनों, वार्डवार सफाई व्यवस्था तथा आउटसोर्सिंग से कराये जा रहे कार्यों का पूरा ब्योरा बोर्ड के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया.
अधिकारियों से पूछा गया है कि नगर परिषद में कितने सफाई कर्मी कार्यरत हैं, किस वार्ड में कितने कर्मी तैनात हैं और प्रत्येक माह कितना भुगतान किया जा रहा है. इसके अलावा कर्मियों की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी की व्यवस्था से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध कराने को कहा गया.
पार्षदों ने पुराने फैसलों पर काम नहीं होने का उठाया मुद्दा
वार्ड 10 के पार्षद शाह आलम ने कहा कि पिछली बैठकों में लिये गये कई निर्णयों पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों को जल्द शुरू कराने की मांग की.
पार्षद राजकुमार बांसफोर ने आवेदन देने के बावजूद लोहे का ठेला नहीं मिलने की शिकायत की. उन्होंने कहा कि गोदाम में साइकिल रिक्शा जंग खा रहा है, जबकि जरूरतमंद पार्षदों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है. पार्षद जयप्रकाश गुप्ता और अमित कुमार ने कहा कि एजेंडावार चर्चा होने पर सभी बिंदुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी जा सकती है.
बैठक में उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता, ईओ नीलम श्वेता, सिटी मैनेजर ओम प्रकाश, स्वच्छता पदाधिकारी अर्पित राय सहित वार्ड पार्षद मौजूद रहे.
