सीवान: जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के लिए जिले के गांवों एवं सांविधिक नगरों की आधारभूत परिसंपत्तियों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित आंकड़े जुटाये जायेंगे. इसको लेकर शनिवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में अंतर्विभागीय पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में संबंधित विभागों को आवश्यक आंकड़े निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर पेयजल तक जुटेगी जानकारी
बैठक में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के क्षेत्र कार्य के लिए विभिन्न बिंदुओं पर आंकड़े जुटाने की तैयारियों की समीक्षा की गयी. इसमें गांवों और सांविधिक नगरों में उपलब्ध शैक्षणिक एवं चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल और स्वच्छता, संचार, परिवहन एवं संपर्कता, बैंकिंग तथा ऋण सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल है.
इसके अलावा विद्युत एवं अन्य ऊर्जा संसाधनों की उपलब्धता, भूमि उपयोग, सिंचाई व्यवस्था, प्रमुख कृषि उत्पाद, विनिर्माण और हस्तशिल्प से जुड़े आंकड़े भी संकलित किये जायेंगे. इन आंकड़ों के माध्यम से जिले में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों की स्थिति का विस्तृत विवरण तैयार किया जायेगा.
30 अगस्त तक पूरा करना है आंकड़ा संकलन का काम
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मांगे गये आंकड़े अविलंब संबंधित चार्ज पदाधिकारियों को उपलब्ध करायें. उन्होंने कहा कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का क्षेत्र कार्य 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक निर्धारित है. इसलिए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये.
उन्होंने अधिकारियों को आंकड़ों की गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी दिया, ताकि हस्तपुस्तिका तैयार करते समय किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे.
प्रखंड स्तर पर होगी लगातार निगरानी
सभी प्रखंडों के प्रभारी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के चार्ज का सतत अनुश्रवण करने और संबंधित विभागों से आंकड़े प्राप्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करने को कहा गया.
बैठक में जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय संबंधित पदाधिकारी, कोषागार के नोडल पदाधिकारी एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
