पहले छोटे भाई ने DSP बन बढ़ाया मान, अब बड़े भाई ने सप्लाई इंस्पेक्टर बनकर किया कमाल

BPSC 70th Result: सीवान के पहाड़पुर गांव के अनुपम प्रकाश ने BPSC 70वीं परीक्षा में सफलता हासिल कर सप्लाई इंस्पेक्टर पद प्राप्त किया है. उनके छोटे भाई अभिषेक कुमार पहले ही DSP बन चुके हैं, जिससे यह परिवार युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है.

BPSC 70th Result: सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड की सदरपुर पंचायत के पहाड़पुर गांव के शिक्षक मुन्ना कुमार राम व माता उषा देवी के पुत्र अनुपम प्रकाश बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं अंतिम परीक्षा पास कर सप्लाई इंस्पेक्टर बने हैं. अनुपम प्रकाश की इस शानदार सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव और पूरे प्रखंड क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. पूर्व शिक्षक शिवजी राम के पौत्र अनुपम प्रकाश के सप्लाई इंस्पेक्टर बनने पर गांव और परिवार में जश्न का माहौल बना हुआ है. बधाई देने के लिए उनके घर पर शुभचिंतकों और स्थानीय ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है.

एक ही घर में डीएसपी के बाद अब सप्लाई इंस्पेक्टर

विदित हो कि अनुपम प्रकाश का परिवार मेधावियों का घर रहा है. उनके छोटे भाई अभिषेक कुमार ने इससे पहले बीपीएससी की 69वीं परीक्षा में अपना परचम लहराया था और वर्तमान में डीएसपी के पद पर चयनित होकर अपनी सेवा दे रहे हैं. अब बड़े भाई अनुपम प्रकाश ने भी सिविल सर्विसेज में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर का पद हासिल कर लिया है. एक ही साधारण परिवार से दो सगे भाइयों का प्रशासनिक सेवा में जाना क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी मिसाल और प्रेरणा बन गया है.

बधाई देने वालों का लगा तांता

अनुपम प्रकाश की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. बधाई देने वालों में मुख्य रूप से रवींद्र पांडेय, महेश प्रभात, जमादार मांझी, ओमप्रकाश पांडेय, मुखिया रविशंकर यादव पप्पू, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, पूर्व मुखिया सीताराम पासवान, अशोक मिश्र, शिवजी मांझी, ओमप्रकाश मांझी, आदर्श पांडेय, बृझन मांझी, अवधेश कुमार और मोहम्मद फारुक आदि शामिल हैं. इन सभी प्रबुद्ध जनों ने अनुपम के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे चलकर समाज के दबे-कुचले वर्गों की सेवा पूरी निष्ठा से करेंगे.

सफलता का श्रेय अपनों के मार्गदर्शन को

अपनी इस शानदार सफलता पर बेहद खुशी जाहिर करते हुए नवनियुक्त सप्लाई इंस्पेक्टर अनुपम प्रकाश ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता, दादा, पूरे परिवार के सहयोग और अपने शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है. उन्होंने कहा कि परिवार में शुरू से ही पढ़ाई का माहौल रहा है, जिसने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि इरादे मजबूत हों और सही दिशा में निरंतर कड़ा परिश्रम किया जाए, तो सीमित संसाधनों के बावजूद किसी भी कठिन परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है.

Also Read: स्टेशन मास्टर का बेटा बना प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, सीवान के लाल ने बताया कैसे की BPSC की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >