Siwan News : बीएलओ घर-घर करें गणना प्रपत्र का वितरण

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने गुरुवार को पचरुखी, दरौंदा व महाराजगंज प्रखंड में गणना प्रपत्र के वितरण के साथ ही विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण किया.

सीवान. गुरुवार को पचरुखी, दरौंदा व महाराजगंज प्रखंड में गणना प्रपत्र के वितरण के साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने जीविका दीदी और ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर अभियान से संबंधित जानकारी साझा की तथा फॉर्म भरकर बीएलओ को शीघ्र उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि “हर घर पहुंचे गणना प्रपत्र, हर हाथ बने सहयोगी” की भावना के साथ सभी नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण व संकलन किया जाये. इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजरों को क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने व 100% फॉर्म वितरण और प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि संकलित प्रपत्रों को समयबद्ध रूप से बीएलओ एप पर अपलोड किया जाये. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय महिलाओं व ग्रामीणों से पंचायत की विकासात्मक आवश्यकताओं की जानकारी भी ली. मौके पर उपनिर्वाचन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, जीविका दीदी, संबंधित बीएलओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

दरौंदा में पुनरीक्षण कार्यक्रम का किया निरीक्षण

दरौंदा. प्रखंड कार्यालय स्थित सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र के सभागार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 का गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ आदित्य प्रकाश ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में डीएम ने विभिन्न बूथों का भ्रमण कर बीएलओ द्वारा वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्रों की समीक्षा की. उन्होंने मतदाताओं को अर्हता तिथि एक जनवरी 2025, आवश्यक दस्तावेजों और फॉर्म जमा करने की समय सीमा के बारे में जानकारी दी. डीएम ने बीएलओ से बातचीत कर यह जाना कि वे किस प्रक्रिया से प्रपत्रों का वितरण कर रहे हैं और मतदाताओं को दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी कैसे दे रहे हैं. उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि सभी पात्र मतदाताओं तक समय से प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा सत्यापन के बाद ऐप पर अपलोडिंग का कार्य भी समयबद्ध रूप से पूरा करें. निरीक्षण के दौरान बीडीओ सूर्यप्रताप सिंह सेंगर, सीओ पूनम दीक्षित, प्रखंड व अंचल के कर्मी एवं संबंधित बीएलओ उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >