Siwan News: सीवान जिले के नौतन प्रखंड मुख्यालय परिसर में लाखों रुपये की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय उपयोग के बजाय महज शोभा की वस्तु बनकर रह गया है. शौचालय में अधिकांश समय ताला लटका रहने के कारण प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में विभिन्न कार्यों से आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कार्यालय आने वाले लोगों और महिलाओं को हो रही फजीहत
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन बड़ी संख्या में दूर-दराज के गांवों से महिलाएं और पुरुष विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड व अंचल कार्यालय पहुंचते हैं. हालांकि, सार्वजनिक शौचालय बंद रहने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकने को मजबूर होना पड़ता है. लोगों का कहना है कि प्रखंड प्रमुख मीरा देवी की पहल पर सरकारी राशि से महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण कराया गया था, ताकि आगंतुकों को सुविधा मिल सके. लेकिन देखरेख के अभाव और तालाबंदी के चलते इसका मूल उद्देश्य ही विफल हो रहा है.
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अंचल पदाधिकारी (CO) शशी कुमारी ने बताया कि शौचालय अक्सर बंद ही रहता है. उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय में अलग से शौचालय की व्यवस्था न होने और यह सार्वजनिक शौचालय करीब 50 गज की दूरी पर स्थित होने के कारण कर्मचारियों व आगंतुकों दोनों को समस्या होती है.
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अंजलि कुमारी ने बताया कि उन्हें शौचालय में ताला बंद रहने की जानकारी नहीं थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शौचालय में ताला नहीं लगाया जाना चाहिए और वे इस मामले की पूरी जानकारी लेकर अविलंब आवश्यक कार्रवाई करेंगी.
