राहुल गांधी से मिले बिहार बंद के दौरान घायल तीन युवक, बोले- पिस्टल से फायरिंग करने वालों पर नहीं हुई कार्रवाई

बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई पुलिस फायरिंग और लाठीचार्ज से घायल तीन युवकों ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की. उन्होंने घटना की पूरी जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई.

siwan police firing: बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई झड़प और पुलिस फायरिंग में घायल तीन युवकों ने गुरुवार को नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की. एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की पहल पर हुई इस मुलाकात में युवकों ने बिहार बंद के दौरान सीवान में हुए लाठीचार्ज, पुलिस फायरिंग और उसके बाद की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी राहुल गांधी को दी. उन्होंने पुलिस कार्रवाई से जुड़े अपने अनुभव भी उनके सामने रखे.

सीवान और रायबरेली के रहने वाले हैं तीनों घायल युवक

राहुल गांधी से मिलने वालों में सीवान शहर के शेख मोहल्ला निवासी मोहम्मद आरिफ, दरौली प्रखंड के डुमरहर निवासी बुलेट कुमार गौड़ और उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी आकाश कुमार शामिल थे. मोहम्मद आरिफ और बुलेट कुमार गौड़ बुधवार को सीवान रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, जबकि आकाश कुमार अपने घर रायबरेली से सीधे दिल्ली पहुंचे.

पुलिस फायरिंग को लेकर राहुल गांधी के सामने उठाये सवाल

मुलाकात के बाद कांग्रेस के वरीय नेता प्रेमचंद सिंह और जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस नेता अरविंद यादव ने बताया कि तीनों घायलों ने राहुल गांधी के समक्ष पुलिस फायरिंग को लेकर गंभीर सवाल उठाये. कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि सदन की कार्यवाही शुरू होने पर इस मामले को लोकसभा में उठाया जाएगा.

एके-47 से फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी के निलंबन की दी जानकारी

घायलों ने राहुल गांधी को बताया कि घटना के दौरान एके-47 से गोली चलाने वाले पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है, लेकिन पिस्टल से गोली चलाने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की गयी है. इस मुद्दे को भी राहुल गांधी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया. तीनों युवकों ने घटनास्थल पर हुई पुलिस कार्रवाई और फायरिंग के पूरे घटनाक्रम की जानकारी विस्तार से दी.

इलाज, पढ़ाई और रोजगार में सहयोग का भरोसा

कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी ने बुलेट कुमार गौड़ के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया. साथ ही तीनों घायलों की पढ़ाई-लिखाई और रोजगार की व्यवस्था में पार्टी की ओर से सहयोग करने की बात कही गयी. प्रेमचंद सिंह ने कहा कि तीनों के स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक की जिम्मेदारी कांग्रेस नेता उठाएंगे. जरूरत पड़ने पर न्यायालय में चलने वाले मुकदमे में भी पार्टी की ओर से कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जाएगी.

पटना रेफर होने के बाद पप्पू यादव ने की थी मुलाकात

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जब तीनों घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, तब सबसे पहले सांसद पप्पू यादव ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी और मदद की थी. राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार बंद के दौरान सीवान में हुए लाठीचार्ज और पुलिस फायरिंग के मामले को कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता गंभीरता से उठाएंगे. पार्टी स्तर पर इस मामले को सरकार और संसद में उठाने की कोशिश की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >