Kidnapped Woman: बड़हरिया थाना क्षेत्र के बभनबारा गांव से 15 अगस्त को अपहृत महिला को पुलिस ने सोमवार को उसके सात वर्षीय पुत्र के साथ छपरा जंक्शन से बरामद कर लिया. पुलिस ने मौके से नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया.
महिला बभनबारा निवासी राजकुमार राम की शादीशुदा पुत्री बतायी जाती है. मामले को लेकर राजकुमार राम ने महाराष्ट्र के नासिक जिला स्थित इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के आनंदनगर निवासी संतोष बांगड़े के खिलाफ अपनी पुत्री और नाती के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
छपरा जंक्शन से दोनों की बरामदगी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस महिला और बच्चे की बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में सोमवार को पीएसआइ अनुप्रिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छपरा जंक्शन पर छापेमारी की. पुलिस ने महिला और उसके सात वर्षीय बेटे को बरामद कर लिया.
पुलिस के अनुसार, महिला वहां से ट्रेन पकड़कर कहीं जाने की तैयारी में थी. इसी दौरान नामजद आरोपी संतोष बांगड़े को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
न्यायालय में दर्ज कराया गया बयान
बरामद महिला को पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 183 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
