सीवान के बड़हरिया में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ, 1500 महिलाओं ने निकाली कलशयात्रा

Shrimadbhagwat Katha: बड़हरिया प्रखंड के सानी कुड़वां में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ. 1500 से अधिक महिलाओं की सहभागिता ने क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. गंडक नदी से पवित्र जल भरकर यज्ञ की शुरुआत की गई.

Shrimadbhagwat Katha: बड़हरिया प्रखंड के सानी कुड़वां स्थित रामजानकी मंदिर एवं शिवमंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ. कलशयात्रा में पुरैना, सानी कुड़वां, पलटूहाता, लालाहाता सहित आसपास के गांवों की करीब 1500 कन्याओं, युवतियों और महिलाओं ने भाग लिया. श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया.

जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र

कलशयात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो’, ‘प्राणियों में सद्भावना जगे’, ‘विश्व का कल्याण हो’, ‘जय श्रीकृष्ण’, ‘श्री राधे-राधे’, ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते चल रहे थे. इससे यात्रा मार्ग का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.

गंडक नदी घाट पर भरा गया पवित्र जल

कलशयात्रा सानी कुड़वां शिव मंदिर स्थित यज्ञ स्थल से शुरू होकर कुड़वां गांव, ब्रह्मस्थान और धाय टोला होते हुए गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड स्थित बथुआ के अनसुईया धाम के समीप गंडक नदी घाट पहुंची. यहां आचार्य पं. अवधेश मिश्र और पं. आलोक मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा.

मुख्य यजमान की भूमिका लालबाबू साह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ निभायी. इसके बाद श्रद्धालु राछोपाली, गोपालपुर और लालाहाता होते हुए वापस यज्ञ स्थल पहुंचे. यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कलश स्थापना की गयी और सात दिवसीय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ.

श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल और शरबत की व्यवस्था

कलशयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर शीतल जल और शरबत की व्यवस्था की गयी थी. आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया.

सुबह रामकथा, रात में होगी श्रीमद्भागवत कथा

कथा ज्ञान महायज्ञ के संयोजक पं. देवानंद तिवारी ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रत्येक रात अयोध्या से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक बृजनारायण जी श्रीमद्भागवत कथा सुनायेंगे. वहीं, सुबह के समय कथावाचक रामकरण जी महाराज की रामकथा होगी.

आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है. इस मौके पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष चंद्रिका साह, कोषाध्यक्ष रामप्रवेश भारती, सुनील तिवारी, नीतू देवी, किशन कुमार, चंदन भारती, सौरभ कुमार, वीरबहादुर सिंह, श्रीशेष तिवारी, नीलेश तिवारी, विनोद तिवारी, मिश्री भगत, राघव महतो, गौतम शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >