सीवान नगर परिषद की बैठक में विकास योजनाओं पर मुहर, हर वार्ड में दो-दो योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति

सीवान नगर परिषद की बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, यातायात और नगर परिषद की परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई. कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें हर वार्ड में दो-दो योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देना शामिल है.

Siwan News : नगर परिषद में शनिवार को मुख्य पार्षद सेंपी देवी की अध्यक्षता में साधारण बोर्ड की बैठक हुई. बैठक में शहर के विकास, सफाई व्यवस्था, यातायात और नगर परिषद की परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिये गये. प्रत्येक वार्ड में दो-दो योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने और उनकी निविदा प्रकाशित कराने का निर्णय लिया गया. साथ ही सशक्त स्थायी समिति और साधारण बोर्ड की पूर्व बैठकों की कार्यवाही की संपुष्टि की गयी.

राजेंद्र स्टेडियम में सभी मान्यता प्राप्त क्रिकेट टीमों को मिलेगा स्थान

18 सितंबर को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिये गये निर्णय के आलोक में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के स्थान पर सभी मान्यता प्राप्त क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों को राजेंद्र स्टेडियम आवंटित करने पर सहमति बनी. बैठक में सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं के कार्यान्वयन पर भी चर्चा की गयी.

गांधी मैदान पोखरा में मरम्मत, गार्ड रूम, पेंटिंग, नाव और लाइटिंग की व्यवस्था कराने का निर्णय लिया गया. गांधी मैदान में ओपन जिम, पिंक शौचालय और कैफेटेरिया शुरू कराने की स्वीकृति दी गयी. पंच मंदिरा पोखरा में नाव और पौधारोपण कराने का भी निर्णय लिया गया.

वार्ड 15 में पोखरा का होगा विकास, वार्ड 45 में बनेगा सम्राट अशोक भवन

वार्ड 15 के पकड़ी स्थित पोखरा में जल-जीवन-हरियाली योजना से काम कराने की स्वीकृति दी गयी. वहीं वार्ड 45 में जगह चिह्नित कर सम्राट अशोक भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया.

ब्रह्मस्थान चौक और बाजार कसेरा टोली में क्षतिग्रस्त कुएं का जीर्णोद्धार कराने के साथ नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में खराब कुओं की मरम्मत कराने पर भी सहमति बनी. नगर परिषद की परिसंपत्तियों के जीर्णोद्धार और आवश्यक निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया गया.

पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर कई फैसले

शहर में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए भी कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी. दरोगा राय कॉलेज के पहले सड़क के बायीं ओर वेडिंग जोन बनाने की स्वीकृति दी गयी.

कचहरी रोड-महादेवा रोड में बघवा वाला गेट से डाक बंगला मोड़ तक दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग जोन बनाने का निर्णय लिया गया. शांति वट वृक्ष से डीएवी मोड़ तक सड़क के दोनों तरफ नाला निर्माण और डिवाइडर लगाने की स्वीकृति दी गयी.

इसी मार्ग पर अतिक्रमण हटाकर ओवरब्रिज के नीचे दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी.

सफाई व्यवस्था पर पार्षदों ने मांगी पूरी रिपोर्ट

बैठक में वार्ड 27 के पार्षद ने सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये. इसके बाद नगर परिषद में सफाई व्यवस्था पर वर्तमान में हो रहे खर्च, उपलब्ध मानव संसाधन और वाहनों, वार्डवार सफाई व्यवस्था तथा आउटसोर्सिंग से कराये जा रहे कार्यों की पूरी जानकारी बोर्ड के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया.

अधिकारियों से यह भी कहा गया कि नगर परिषद में कितने सफाई कर्मी कार्यरत हैं, किस वार्ड में कितने कर्मी तैनात हैं, हर माह कितना भुगतान किया जा रहा है और कर्मियों की उपस्थिति व काम की निगरानी किस तरह की जाती है, इसका अभिलेख सहित पूरा विवरण बोर्ड को उपलब्ध कराया जाये.

तीन माह बाद भी टीसी के वेतन भुगतान पर सवाल

वार्ड 10 के पार्षद शाह आलम ने कहा कि पिछली बैठकों में लिये गये कई निर्णयों पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने सवाल उठाया कि जनहित से जुड़े काम कब शुरू होंगे. उन्होंने कर संग्रहकर्ताओं यानी टीसी के वेतन भुगतान का मामला भी उठाया.

उन्होंने कहा कि करीब तीन माह पहले एक माह के भीतर वेतन भुगतान का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है. उन्होंने सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले लोहे के ठेले के आवंटन में भी भेदभाव का आरोप लगाया.

पार्षद राजकुमार बांसफोर ने कहा कि आवेदन देने के बावजूद उन्हें लोहे वाला ठेला नहीं मिला. उन्होंने नगर परिषद के गोदाम में साइकिल रिक्शा के जंग खाने का भी मुद्दा उठाया.

एजेंडावार चर्चा पर पार्षदों ने दिया जोर

पार्षद जयप्रकाश गुप्ता और अमित कुमार ने कहा कि एजेंडावार चर्चा होने पर सभी बिंदुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी जा सकती है. बैठक में उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता, ईओ नीलम श्वेता, सिटी मैनेजर ओम प्रकाश, स्वच्छता पदाधिकारी अर्पित राय, प्रधान सहायक बिनोद कुमार राम सहित वार्ड पार्षद मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >