अपार आईडी निर्माण में लापरवाही: सीवान के 45 निजी स्कूलों पर मान्यता खत्म होने का खतरा

सीवान में अपार आईडी निर्माण को लेकर शिक्षा विभाग ने 45 निजी स्कूलों पर सख्त कार्रवाई का रुख अपनाया है. निर्धारित लक्ष्य पूरा न करने और बैठक में अनुपस्थित रहने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द हो सकती है. डीईओ ने 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है.

सीवान: अपार आईडी निर्माण को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है. निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य पूरा नहीं करने और अपार आईडी से संबंधित बैठक में अनुपस्थित रहने वाले जिले के 45 निजी विद्यालयों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है.

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राघवेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित विद्यालयों के निदेशक, प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा है. सभी विद्यालयों को 24 घंटे के अंदर साक्ष्य सहित जवाब देने का निर्देश दिया गया है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने के साथ ही यू-डायस कोड भी रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी.

बैठक में नहीं पहुंचे और लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुआ अपार आईडी निर्माण

डीईओ कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सभी संबंधित निजी विद्यालयों को 30 और 31 जुलाई को अपार आईडी निर्माण को लेकर आयोजित बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया था. इसके लिए प्रखंड शिक्षा कार्यालयों के माध्यम से उन विद्यार्थियों की सूची भी उपलब्ध कराई गई थी, जिनकी अपार आईडी बनाई जानी थी.

इसके बावजूद कई विद्यालयों ने न तो बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और न ही निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अपार आईडी निर्माण का कार्य पूरा किया.

विभागीय निर्देशों की अवहेलना मानते हुए मांगा जवाब

डीईओ ने इस लापरवाही को विभागीय निर्देशों की अवहेलना, कार्य के प्रति उदासीनता और मनमाने रवैये का परिचायक बताया है. उन्होंने कहा है कि इस तरह की लापरवाही से सरकार की महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.

24 घंटे में जवाब नहीं देने पर होगी कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विद्यालय पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर बिहार शिक्षा परियोजना कार्यालय, सीवान में साक्ष्य सहित अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं. जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विद्यालय की मान्यता और यू-डायस कोड समाप्त करने के साथ विद्यालय संचालन बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

निजी विद्यालयों को विभाग का सख्त संदेश

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को निजी विद्यालयों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

इन 45 निजी विद्यालयों पर लटकी कार्रवाई की तलवार

लक्ष्य पब्लिक स्कूल बड़हरिया, अलनूर पब्लिक स्कूल करबला, नॉर्थ स्टार पब्लिक स्कूल चनरी, एससी मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौली, राधा मोहन एकेडमी टरवा परसिया, जीपी इंटरनेशनल स्कूल पसिवड़, ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल बगौरा, आरएसी पब्लिक स्कूल बगौरा, एसएनपी पब्लिक स्कूल पचपकड़िया, न्यू एसजीएम पब्लिक स्कूल गोरेयाकोठी, श्रीराम नगीना मिश्र शिक्षण संस्थान डरैला, एमबीएम एकेडमी गुठनी, द ज्ञान भैरव ग्लोबल स्कूल, आइडियल पब्लिक स्कूल अरंडा, महावीरी विद्यालय ए प्ले एंड पब्लिक स्कूल हुसैनगंज, आइडियल पब्लिक स्कूल हुसैनगंज, रियल पब्लिक स्कूल छपिया बुजुर्ग, शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल, डीएस पब्लिक स्कूल लकड़ी नबीगंज, आरकेजी पब्लिक स्कूल महाराजगंज, मदर्स पब्लिक स्कूल महाराजगंज, चंद्रदेव पब्लिक स्कूल खेदू छपरा, संस्कार दिल्ली पब्लिक स्कूल महाराजगंज, सेंट जोसेफ्स स्कूल महाराजगंज, सरस्वती विद्या मंदिर महाराजगंज, एमडीएस डीवीएम पब्लिक स्कूल नौतन, सनराइज पब्लिक स्कूल पचरुखी, द एवरेस्ट पब्लिक स्कूल पचरुखी, सेंट्रल कॉन्वेंट स्कूल पचरुखी, सरस्वती शिशु सदन सिसवन, आकाश सेंट्रल स्कूल सिसवन, दून प्रेप स्कूल भादा खुर्द, मेस्को पब्लिक स्कूल एमएमएच कॉलोनी, शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल सदर, अल-फलाह इस्लामिक मॉडल स्कूल सीवान सदर, विद्या भारती सीवान सदर, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल सीवान, दिल्ली पब्लिक स्कूल सीवान, आरएम पब्लिक स्कूल सीवान, सूफिया पब्लिक स्कूल बाइपास रोड एसकेजी मिल, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर सीवान, आरबीजी पब्लिक स्कूल तितरा, फ्रोबेल पब्लिक स्कूल ठेंपहा, डिवाइन पब्लिक स्कूल और परमानंद पब्लिक स्कूल सुरवल शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें:  बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >