Siwan Crime News : (आनंद मिश्र) सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बालापुर गांव के 25 वर्षीय युवक आदित्य कुमार रावत की 19 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद मौत हो गई. युवक का इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां 15 जून की दोपहर करीब दो बजे उसने अंतिम सांस ली. युवक का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घर पहुंचते ही फूट पड़ा परिजनों का दर्द
मृतक आदित्य कुमार रावत बालापुर गांव निवासी नंदकिशोर रावत का पुत्र था. परिजनों के अनुसार, बेटे की मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और घर से लगातार रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं.
Siwan News : 27 मई की रात हुई थी घटना
परिजनों के मुताबिक 27 मई की रात करीब 11:30 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरसर गांव में आदित्य के साथ मारपीट की गई थी. आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की. हालांकि अधजली अवस्था में आदित्य किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गया था.
अस्पताल में कराया गया था भर्ती
घटना के बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान में भर्ती कराया था. इलाज के दौरान युवक ने पुलिस के समक्ष अपना बयान भी दर्ज कराया था. बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
चार लोगों के खिलाफ दर्ज है नामजद मामला
मृतक के पिता नंदकिशोर रावत ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर सरसर गांव निवासी श्रीभगवान रावत, उनकी पत्नी बबीता देवी, बेटी सुमन कुमारी तथा हृदया राम के पुत्र सचिन राम को नामजद किया था. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
कार्रवाई नहीं होने का परिजनों ने लगाया आरोप
आदित्य के परिजनों का आरोप है कि नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उनका कहना है कि बेटे की मौत के बाद भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई और सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और न्याय की मांग की है.
Also Read : सीवान पुलिस की बड़ी सफलता, 290 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
