तरैया\सीवान : प्रखंड के तरैया-अमनौर एसएच 104 पर पचौड़र बाजार के समीप मंझोपुर गंडक नहर पुल से मंगलवार की रात एक ऑल्टो कार नहर में जा गिरा, जिससे कार में सवार एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.
ऑल्टो कार पुल से नहर में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े. कार में सवार सभी लोगों को गंभीर देखकर स्थानीय लोगों ने तरैया थानाध्यक्ष को सूचना दिया. थानाध्यक्ष राजेश कुमार पहुंचे व सभी घायलों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
फिर पुनः घटनास्थल पर पहुंचकर कार की सुरक्षा में चौकीदार को तैनात किया. घायलों में सीवान जिले के सिपाही प्रसाद गुप्ता, उनकी पत्नी लालमुनी देवी व उनके पुत्र अजय कुमार गुप्ता व राजन गुप्ता का नाम शामिल है. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गंभीरावस्था में छपरा सदर रेफर कर दिया. इस पुल की खबर को नौ फरवरी को प्रभात खबर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था.
इसके बाद भी प्रशासन व सड़क निर्माण विभाग का ध्यान उक्त पुल की तरफ नहीं जा रहा है. सड़क निर्माण कंपनी अब किसी बड़ी अनहोनी के इंतजार में है. समाचार प्रेषण तक नहर में ऑल्टो कार पड़ी हुई थी. बिना रेलिंग के नहर पुल से 18 दिसंबर के बाद से लगभग दर्जनों ट्रक, स्कॉर्पियो, ऑल्टो समेत छोटी बड़ी गाड़ियां नहर में गिर चुकी है. स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों में इस पुल को लेकर काफी आक्रोश है.
कार नहर पुल से गिरने के बाद बुधवार की सुबह स्थानीय नवयुवकों ने इस पुल की समस्या को लेकर तरैया- अमनौर एसएच को जाम करने की योजना बना रहे थे. इसकी भनक तरैया थानाध्यक्ष को लगी.
उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया व कहा कि कभी भी कानून के खिलाफ काम नहीं करना चाहिए. इस पुल की समस्या को लिखित रूप में सड़क निर्माण कंपनी व जिले के वरीय पदाधिकारियों को दिया जाना चाहिए. आठ फरवरी को नमक लदे एक ट्रक नहर पुल से नहर में जा गिरा है. अभी ट्रक नहर से निकला नहीं कि ऑल्टो जा गिरी.
