मैरवा : नगर के मुख्य मार्ग स्थित धर्मशाला के सामने स्थित डेढ़ दर्जन दुकानों में बीती रात अगलगी की घटना को कोई भी सामान्य घटना नहीं मान रहा है. इस घटना में किसी के हाथ होने की संभावना की चर्चा अब धीरे-धीरे होने लगी है. हालांकि यह पुलिस के जांच का विषय है. इस अगलगी ने कई घर के परिवारों को सड़क पर लाकर रख दिया है.
इस परिसर में स्थित सभी पीड़ित दुकानदार नीचे से उठे हुए हैं. कभी वे लोग फुटपाथ या ठेले पर अपनी दुकान लगाया करते थे. वहीं समय आने पर काफी मेहनत और लगन के बल पर भाड़े पर दुकान ले लिए. परंतु आज इस आग की घटना ने उनके भविष्य के सामने अंधेरा छा दिया है. उधर इतनी बड़ी घटना में प्रशासन द्वारा किसी भी तरीके के सहायता राशि देने का कोई रास्ता नहीं होने के लिए हाथ खड़े कर दिये हैं.
इस घटना के संबंध में आर्थिक सहायता के लिए पूछे जाने पर अंचलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा ऐसी आग लगी के लिए कोई सहायता राशि उपलब्ध नहीं है. पीड़ित लोगों का नाम जिला राहत कोष में दिया जायेगा. वहां से यदि जो संभव होगा मिल सकता है. विधायक रमेश सिंह कुशवाहा भी आये और घटना की जानकारी ली. उन्होंने भी फोन से वरीय पदाधिकारी से इस मामले में सहायता देने की पेशकश की.
घटना को देखकर विधायक ने भी यह माना कि इतनी बड़ी घटना में कोई साजिश की बू आ रही है, जो प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ही सामने आ सकता है. सभी दुकानदार अपनी दुकान को लोहे की सीट से ही बनाये थे. जो कि मालिक के निर्देश पर अस्थायी तौर पर था. जिस कारण आग तेज रफ्तार से बढ़ती गयी. आग को बुझाने वालों का कहना था कि अगलगी की शुरुआत जिस दुकान से हुई.
स्थानीय पुलिस को पहुंचने में हुआ विलंब : घटना की जानकारी मैरवा पुलिस को लोगों ने पहले फोन से दिया. विलंब होने पर कुछ लड़के थाने पर पहुंच गये. आवाज लगायी परंतु कोई नहीं सुना. थाने का गेट शाम को ही बंद हो जाता है. जिसके कारण पुलिस को जगाने के लिए लड़कों द्वारा ईट पत्थर फेंका गया. पुलिस जागी और फिर छोटा अग्निशमन मौके पर भेजा गया.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
सीवान. नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित प्रिंस मार्केट के अंजली स्टोर में मंगलवार की देर रात्रि शॉट सर्किट से दुकानों में आग लग गयी. जिसमें दुकानों का सामान जलकर राख हो गया. घटना के संबंध में दुकान मलिक रामाशंकर सिंह के पुत्र रवि कुमार ने बताया कि हमलोग रात्रि लगभग 10 बजे अपनी अपनी दुकान बंद कर अपने अपने घर चले गये.
अचानक रात्रि लगभग एक बजे फोन से सूचना मिली कि आपके दुकान में आग लगी है. जिसके बाद मैं और पिता और भाई घर से दुकान पर आये तो दुकान बंद था और अंदर से आग का धुआं बाहर निकल रहा था. जिसके बाद दुकान खोला तो दुकान में रखा सामान धू-धू कर जल रहा था. हमलोगों के आने के पहले नगर थाने इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित और एसआई तनवीर आलम दल बल के साथ मौके पर मौजूद थे.
जिन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना देकर दमकल गाड़ी को बुलवाया. पूरी घटना में नगर थाने के इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित और उनकी टीम की तत्परता दिखी. अगलगी में अगल बगल की कई दुकानें भी प्रभावित हो सकती थी. दुकान मालिक ने बताया कि आग का कारण शॉट सर्किट लग रहा है. दुकानदार के अनुसार तकरीबन पांच लाख का सामान जला है. पीड़ित ने मामले में थाने में आवेदन दिया है.
उक्त स्थल पर तीसरी बार लग चुकी है आग
जिस परिसर में अगलगी की इतनी बड़ी घटना हुई है. वहां पूर्व में दो बार आग लग चुकी है. इसके पहले भी उसी रूई और रजाई बेचने वाले कि यहां अगलगी की घटना हुई थी. जिसमें लाखों का नुकसान हुआ था. 10 वर्ष पहले भी डीजल बेचने वाली दुकान में आग की बड़ी घटना हुई थी. जिसके कारण दुकानदार सड़क पर आ गया.
दो मालिकों के बीच वर्षों से चल रहा है विवाद : अगलगी की इतनी बड़ी वारदात स्थल पर दो मालिकों के बीच जमीन का विवाद न्यायालय में वर्षों से चल रहा है.
