बरौली/सीवान : बरौली थाना क्षेत्र के भड़कुंइयां गांव के युवक को छपरा में एकमा स्टेशन के पास चलती ट्रेन से शरारती युवकों ने फेंक दिया. रेलवे लाइन के किनारे बेहोशी हालत में पड़े युवक को देख आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी. घायल युवक भड़कुइया गांव के उमेश तिवारी का पुत्र राजू तिवारी है. परिजनों ने उसे बेहोशी की हालत में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देख सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
परिजनों ने बताया कि राजू तिवारी कमाने के लिए सीवान जंक्शन से ट्रेन पकड़कर जा रहा था. रास्ते में कुछ युवकों से विवाद हो गया, जिसके बाद उसको चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया. घटना को लेकर परिजनों ने जीआरपी थाने में सूचना देने की बात कही. आरोपित युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी. रेल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
