सीवान : सर्राफा दुकान में डाका, एक डकैत को भीड़ ने मार डाला

सीवान : मुफस्सिल थाने के श्यामपुर बाजार में रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे हथियारों से लैस तीन बाइकों से आये छह बदमाशों ने एक सर्राफा दुकान पर धावा बोल दिया. गहना खरीदने के बहाने दुकान में घुसे बदमाशों ने लाखों के जेवर लूट लिये और विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी. […]

सीवान : मुफस्सिल थाने के श्यामपुर बाजार में रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे हथियारों से लैस तीन बाइकों से आये छह बदमाशों ने एक सर्राफा दुकान पर धावा बोल दिया.
गहना खरीदने के बहाने दुकान में घुसे बदमाशों ने लाखों के जेवर लूट लिये और विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी. लूटपाट कर फायरिंग करते हुए बदमाश भागने लगे. इसी बीच वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गये और एक बाइक पर सवार दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो बाइकों पर सवार चार अन्य बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गये. वारदात से आक्रोशित लोगों ने पीट-पीटकर एक बदमाश को मार डाला, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बतायी जा रही है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि आंदर थाना क्षेत्र के बलईपुर पकवलिया निवासी स्व शिवशंकर सोनी के पुत्र अजय कुमार सोनी की श्यामपुर बाजार में नन्हे ज्वेलर्स नामक स्वर्ण आभूषण की दुकान है. रोज की भांति अजय कुमार सोनी अपनी दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान तीन बाइकों से छह बदमाश वहां आ धमके.
दुकान में पहुंचते ही उन्होंने अजय कुमार सोनी से गहने दिखाने की बात कही. अभी वह गहने दिखाने के लिए झुका ही था कि अपराधियों ने पिस्टल निकाल लिये. यह देख व्यवसायी हक्का-बक्का रह गया. इससे पहले कि व्यवसायी कुछ कर पाता बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी.
इसके बाद व्यवसायी भी अपराधियों का विरोध करने लगा. तभी एक बदमाश ने अजय को गोली मार दी, जो उसके दाहिना हाथ को छेदती हुई निकल गयी. इसके बाद अपराधी दुकान में मौजूद गहने लूटकर भागने लगे. गोली की आवाज सुनकर अजय की दुकान के सामने अन्य दुकानदार पहुंच गये. अजय के चिल्लाने पर लोगों ने भाग रहे अपराधियों का पीछा किया. यह देख अपराधियों ने छह से सात राउंड गोली भी चलायी. इसके बाद भी हिम्मत दिखाते हुए बाजारवासियों ने दो अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य फरार हो गये. वारदात से गुस्साये लोगों ने दोनों बदमाशों की पिटाई शुरू कर दी. इसमें एक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा अधमरा हो गया
सूचना पर पहुंचे मुफस्सिल थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार व जीरादेई थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घायल व्यवसायी के साथ ही बेसुध अपराधी को सदर अस्पताल भिजवाया. डकैती की सूचना पर पहुंचे एसपी नवीन चंद्र झा और एएसपी कांतेश मिश्र ने मामले में लोगों से पूछताछ की. साथ ही अपराधियों की बाइक और जेब से गिरे हथियार व लूटे गये कुछ गहने को पुलिस ने जब्त कर लिया. एसपी ने कहा कि पुलिस अपराधियों की पहचान कर रही है. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. बाइक नंबर व जेब से मिले कागजात के आधार पर पहचान की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >