Sitamarhi News: थाना क्षेत्र के रामनगर बेदौल पंचायत के सूर्यपट्टी वार्ड संख्या-11 निवासी 18 वर्षीय मनोज कुमार का शव गुरुवार को बुढ़नद नदी के डरबी घाट से बरामद किया गया. युवक बुधवार रात नदी में डूब गया था. सूचना मिलने के बाद पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब 16 घंटे की तलाश के बाद शव को नदी से बाहर निकाला.
शव मिलने की खबर के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है.
रात में दोस्तों के साथ निकला था मनोज
मृतक की पहचान नवल किशोर राय के पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, मनोज बुधवार रात करीब 8 बजे दो युवकों के साथ घर से निकला था. करीब आधे घंटे बाद सूचना मिली कि वह नदी में डूब गया है. इसके बाद ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
एसडीआरएफ ने निकाला शव
गुरुवार को सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान चलाया.
करीब 16 घंटे बाद टीम ने नदी से मनोज का शव बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई धर्मेंद्र राय ने बताया कि मनोज का पैंट, चप्पल और मोबाइल अब तक नहीं मिला है.
उन्होंने आरोप लगाया कि मनोज के साथ गए दो लड़कों में से एक युवक गांव से गायब है. परिजनों ने आशंका जताई है कि मनोज की हत्या कर शव नदी में फेंका गया है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर अंचल अधिकारी रामकुमार पासवान, पुअनि अखिलेश कुमार और विपुल कुमार मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और गायब युवक की तलाश भी जारी है.
