सीतामढ़ी: नदी में मिला युवक का शव, सोशल मीडिया से हुई शिनाख्त

सीतामढ़ी के सुरसंड थाना क्षेत्र में हकराही नदी में एक 41 वर्षीय युवक का शव मिला है. शुरू में पहचान न होने पर पुलिस ने कागजी कार्रवाई शुरू की, लेकिन फेसबुक पर वायरल वीडियो ने मृतक प्रवीण रंजन की शिनाख्त करवाई.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनाथपट्टी और बाजपट्टी थाना क्षेत्र के भीखा गांव के बीच से बहने वाली हकराही नदी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. शनिवार की दोपहर नदी की धारा से एक 41 वर्षीय युवक का लावारिस शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान देवनाथपट्टी पंचायत के कबरा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक विश्वम्भर झा के पुत्र प्रवीण रंजन (41 वर्ष) के रूप में की गई है. शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई.

भैंस नहलाने गए व्यक्ति ने देखा शव

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर गांव का एक व्यक्ति अपनी भैंस को नहलाने के लिए हकराही नदी की ओर गया था. इसी दौरान उसने जलकुंभी से पटी नदी की धारा में एक शव को तैरते हुए देखा. खौफनाक मंजर देखकर वह तुरंत वहां से भागा और ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी. ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता और अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला.

फेसबुक वीडियो से हुई पहचान

शुरुआत में पुलिस और ग्रामीणों द्वारा काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी. इसके बाद पुलिस अज्ञात मानकर पोस्टमार्टम की कागजी कार्रवाई करने लगी. इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने शव का वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर दिया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक की पहचान प्रवीण रंजन के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया.

दिल्ली में रहता है परिवार, पुलिस जांच जारी

मृतक की पत्नी अपने इकलौते बेटे के साथ दिल्ली में रहती हैं, जबकि उनके बड़े भाई राजीव रंजन भी परिवार के साथ दिल्ली में व्यवसाय करते हैं. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. ग्रामीणों के अनुसार, मृतक अत्यधिक नशे का आदी था और पूर्व में दिल्ली स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भी रह चुका था. थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय नारायण मिश्र

विजय वर्ष 1990 से यानी पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उनके पास प्रिंट पत्रकारिता का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है. वे प्रशासनिक व क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ ब्यूरो स्तर की खबरों के प्रबंधन और गहन रिपोर्टिंग में विशेष महारत रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >