Sitamarhi News: सीतामढ़ी. सुरसंड थाना क्षेत्र के करुणा गांव के वार्ड संख्या 12 और 13 में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक साथ 10 घरों को निशाना बनाया. चोर सोना-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है.
Sursand News: 10 घरों को बनाया निशाना
चोरों ने वार्ड संख्या 12 में मुरारी चौबे, जहांगीर साफी, भिखारी चौबे, संजय चौबे और मुरली चौबे के घरों में चोरी की. वहीं वार्ड संख्या 13 में राजू सिंह, लालबाबू चौबे, रामबाबू चौबे, बखेरी साफी और कौशल किशोर चौबे के घरों को निशाना बनाया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पीड़ित परिवारों में अफरा-तफरी मच गई.
सरेह की झाड़ियों में मिले टूटे ट्रंक और खाली डिब्बे
ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने चोरी के बाद गांव के सरेह स्थित झाड़ियों में कुछ सामान फेंक दिया. मौके से गहनों के खाली डिब्बे, टूटे हुए ट्रंक और कपड़े आदि बरामद होने की बात सामने आई है.
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की.
25 भर सोने के आभूषण और सवा दो लाख नकद चोरी का आवेदन
पीड़ित अनिमेष राज उर्फ मुरारी ने अपने और अपने भाई के घर से 25 भर सोने के आभूषण, सवा दो लाख रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान चोरी होने को लेकर थाने में आवेदन दिया है.
वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपित चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
दो दिन पहले धनाढ़ी के चार घरों में हुई थी चोरी
ग्रामीणों ने बताया कि करुणा गांव की घटना से महज दो दिन पहले 13 अगस्त की रात धनाढ़ी गांव में भी चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया था. वार्ड संख्या एक के सीताराम पांडेय और रामस्नेही मिश्रा तथा वार्ड संख्या दो के बबलू मिश्रा और भोला मिश्रा के घरों में बांस की सीढ़ी के सहारे चोर दाखिल हुए थे.
इन घरों से आभूषण समेत करीब नौ लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात बताई गई है.
गश्ती बढ़ाने और ग्राम रक्षा दल बनाने की मांग
पूर्व मुखिया वीरेंद्र प्रसाद ठाकुर समेत स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही गांव की सुरक्षा के लिए ग्राम रक्षा दल गठित करने की भी मांग उठाई गई है.
पुलिस बोली- जांच जारी, कुछ जगह चोरी का प्रयास
थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उनके अनुसार एक-दो घरों में चोरी की घटना हुई है, जबकि अन्य घरों में चोरी का प्रयास या मामूली चोरी की बात सामने आई है. पुलिस उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें: 22 चक्कों वाला हाइवा चार साल से सड़क पर क्यों खड़ा है? नवलपुर में ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
