नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश के कारण प्रखंड से गुजरने वाली हरदी नदी एक बार फिर उफना गई है.
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
परिहार. नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश के कारण प्रखंड से गुजरने वाली हरदी नदी एक बार फिर उफना गई है. शुक्रवार को हरदी नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने के कारण तेजी से बाढ़ का पानी गांवों की तरफ फैलने लगा. परवाहा लालबंदी पथ पर पानी का तेज बहाव हो रहा है. बंसबरिया रैन से लेकर लहुरिया बाजार तक करीब ढाई फीट पानी का बहाव हो रहा है. जिसके चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. करीब दर्जन भर गांव के सरेह में बाढ़ का पानी फैला हुआ था. स्थानीय लोगों का कहना है कि शुक्रवार को नदी में पुनः पानी आ जाने के कारण इसमें वृद्धि हुई. मालूम हो कि बुधवार को नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हरदी नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो गई थी, जिसके चलते बारा, बंसबरिया, लहुरिया खुरसाहा आदि गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था. वहीं, कई गांव के सरेह में बाढ़ का पानी फैल गया था. गुरुवार को नदी के जलस्तर में कमी आई थी, जिसके कारण लोगों ने राहत की सांस ली थी. लेकिन शुक्रवार को पुनः जलस्तर में वृद्धि होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।