Sitamarhi News: सुरसंड थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पूर्व एनएच-227 पर मंगलवार को सीतामढ़ी से भिट्ठामोड़ जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई. हादसे में बस के खलासी समेत पांच यात्री घायल हो गए, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता, भिट्ठा थानाध्यक्ष दीपक पटेल और अपर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया.
दो घायलों की हालत गंभीर
घायलों की पहचान सुंदरपुर निवासी मिथिलेश राय (30), कुम्मा निवासी गौतम कुमार (18), परसौनी निवासी सीता देवी (60) तथा नेपाल के महोत्तरी जिले के सारी गांव निवासी अनिता देवी (40) और साजन साह (18) के रूप में हुई है.
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. लालू कुमार ने बताया कि मिथिलेश राय की जांघ की हड्डी और सीता देवी के बाएं हाथ की हड्डी टूट गई है. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
चालक फरार, बस जब्त
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बीआर-30पी-8217 नंबर की लाठ ट्रांसपोर्ट की बस को जब्त कर लिया है. हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.
