Medicine smuggling Sitamarhi: सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने शुक्रवार की अहले सुबह छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीली दवा और प्रतिबंधित टैबलेट के साथ एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 44 बोतल कोरेक्स सिरप और 290 पीस प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गई है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान सोनबरसा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 निवासी महेशी पासवान के पुत्र राजीव पासवान के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, भागने की कोशिश नाकाम
थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजीव पासवान अपने घर के सामने एक झोले में नशीली दवाएं रखकर ग्राहकों को बेच रहा है. इस सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, संजय कुमार गुप्ता और पुलिस बल के साथ एक टीम का गठन कर त्वरित छापेमारी की गई. पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर तस्कर ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर झोले के साथ दबोच लिया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, तस्कर भेजा गया जेल
पकड़े गए तस्कर के झोले की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 44 बोतल नशीली कोरेक्स सिरप और 290 पीस प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
