सीतामढ़ी के सोनबरसा से वीरेन्द्र कुमार के रिपोर्ट
Sitamarhi Police Action: कन्हौली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 328 बोतल प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की है. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई रविवार की देर रात की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि कन्हौली गांव का रहने वाला मनोज महतो अपने घर में प्रतिबंधित कफ सिरप रखकर बेचता है.
रात में पुलिस की छापेमारी
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम रात करीब 2:45 बजे आरोपी के घर पहुंची. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए घर की तलाशी ली. इस दौरान एक कमरे से तीन कार्टूनों में छिपाकर रखी गई कुल 328 बोतलें बरामद हुईं. बरामद सिरप पर “विंग्स कोडीन फॉस्फेट एवं त्रिपरोलिडिन सिरप” लिखा हुआ था.
आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पूछताछ के दौरान आरोपी मनोज महतो कफ सिरप से जुड़ा कोई भी वैध कागजात या लाइसेंस पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और सिरप जब्त कर थाना ले आई. कन्हौली थानाध्यक्ष अमृत पाल ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप है.
