Sitamarhi News: दुष्कर्म के आरोपी की मौत की अफवाह पर बवाल, पीड़िता के घर पर हमला

Sitamarhi News: सीतामढ़ी में दुष्कर्म के आरोपी की मौत की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया. आक्रोशित भीड़ ने पीड़िता के घर पर हमला और तोड़फोड़ की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और स्पष्ट किया कि आरोपी जीवित है और उसका इलाज जारी है.पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 11 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी की मौत की झूठी खबर ने इलाके में भारी तनाव पैदा कर दिया. अफवाह फैलते ही आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने बड़ी संख्या में एकजुट होकर पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया. इस दौरान घर में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

मौत की अफवाह और आक्रोशित भीड़ का तांडव

घटनाक्रम के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. बताया जा रहा है कि पकड़ने के दौरान स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपी की पिटाई भी की थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच (PMCH) पटना रेफर कर दिया गया. इसी बीच क्षेत्र में यह अफवाह तेजी से फैल गई कि आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इस गलत सूचना ने आग में घी का काम किया और आरोपी पक्ष के लोग हिंसक हो उठे.

पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस की गाड़ियां देख हमलावर मौके से फरार हो गए. स्थानीय निवासियों के सहयोग से पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पीड़िता के परिवार को सुरक्षा प्रदान की. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी की मौत नहीं हुई है, बल्कि पटना में उसका इलाज चल रहा है. भीड़ द्वारा किए गए हमले में पीड़िता के घर को काफी नुकसान पहुंचा है.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में तनाव को कम करने के लिए पुलिस कैंप कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के घर के पास सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो. पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है जिन्होंने हिंसा भड़काई और सोशल मीडिया या मौखिक रूप से मौत की अफवाह फैलाई. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर पर भरोसा न करें और कानून को अपने हाथ में न लें.

सीतामढ़ी से चंद्रमोहन झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >