SitamarhiNews: सीतामढ़ी के सुरसंड बॉर्डर पर एसएसबी जवानों ने 720 बोतल नेपाली देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. असिस्टेंट कमांडेंट के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को परिहार थाना पुलिस को सौंप दिया गया है.सुरसंड भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 51वीं बटालियन के जवानों ने मंगलवार की अहले सुबह तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है.धरहरबाबीओपी के जवानों ने गश्त के दौरान पिलर संख्या 307 के समीप भारतीय क्षेत्र में एक तस्कर को दबोचा. तस्कर के पास से नेपाल से अवैध रूप से लाई जा रही 300 एमएल की 720 बोतलें (कुल 216 लीटर) देसी शराब बरामद की गई है.
असिस्टेंट कमांडेंट के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई सुरसंड कैंप के असिस्टेंट कमांडेंट देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई. गश्ती दल ने देखा कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में भारतीय सीमा के 500 मीटर अंदर बोरे के साथ दाखिल हो रहा है. घेराबंदी कर जब उसकी तलाशी ली गई, तो भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद हुई. गिरफ्तार तस्कर की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के धरहरबा गांव (वार्ड 13) निवासी दिनेश राम के रूप में हुई है.
तस्कर को भेजा गया जेल, सुरक्षा बढ़ी
एसएसबी ने जब्त शराब और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए परिहार थाना पुलिस के हवाले कर दिया है. इस गश्ती दल में हेड कांस्टेबल राजाराम कुमार सूर्या के साथ जवान सूज नंदन कुमार, कृष्ण शर्मा और रामप्रवेश कुमार मुख्य रूप से शामिल थे. बॉर्डर पर शराब की खेप पकड़े जाने के बाद एसएसबी ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी और कड़ी कर दी है.
सीतामढ़ी के सुरसंड से विजय मिश्रा की रिपोर्ट
