Sitamarhi News: नगर परिषद क्षेत्र की घनी आबादी को एनएच 527 सी और दर्जनों गांवों से जोड़ने वाली सिंगियाही रोड पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. कर्पूरी चौक से शुरू होने वाली यह मुख्य सड़क अब बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. हालत यह है कि कई जगहों पर राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है. सड़क की इस बदहाली के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.
बरसात में जलजमाव से बढ़ती है मुसीबत, टैक्स लेकर भी सुविधा नहीं
स्थानीय नागरिक गुलाब ठाकुर, कुमार मंगलम् और अभिषेक कुमार मोना ने बताया कि बरसात शुरू होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है. जलजमाव के कारण चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लोगों का आरोप है कि नगर परिषद समय पर हाउस टैक्स और यूजर चार्ज तो वसूलती है, लेकिन सड़क जैसी मूलभूत सुविधा नहीं दे पा रही है. वार्ड पार्षद से लेकर कार्यालय तक शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून से पहले सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे.
स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा निर्माण: नप कार्यपालक पदाधिकारी
मामले को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) केशव गोयल ने बताया कि उक्त सिंगियाही रोड और पक्का नाला निर्माण के लिए विस्तृत प्रारूप (प्रपोजल) बनाकर स्वीकृति के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है. विभागीय मंजूरी मिलते ही तुरंत निविदा (टेंडर) निकालकर पक्का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा. उन्होंने स्थानीय नागरिकों को राहत देते हुए कहा कि फिलहाल आम जनता की सुविधा के लिए एक सप्ताह के भीतर सड़क के बड़े गड्ढों को भरवाकर इसे सुगमता से चलने लायक बना दिया जाएगा.
