सीतामढ़ी: फाइनेंस कंपनी की प्रताड़ना से तंग युवक ने बांस से कूट डाली अपनी ही बाइक

Sitamarhi News: पुपरी में लोन की किस्त न चुकाने पर फाइनेंस कंपनी की प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक ने गुस्से में अपनी ही बाइक तोड़ डाली. पत्नी के रोकने के बावजूद युवक ने बांस से मारकर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के पुपरी से एक भावुक और हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहाँ एक निजी फाइनेंस कंपनी के अत्यधिक दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी ही बाइक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना का वीडियो और तस्वीरें अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

लोन की किस्त न चुकाने पर बदसलूकी का आरोप

बताया जा रहा है कि पुपरी निवासी सतेंद्र भगत ने कुछ महीने पहले एक निजी फाइनेंस कंपनी से लोन लेकर दोपहिया वाहन खरीदा था. लेकिन, अचानक घर की आर्थिक स्थिति खराब हो जाने के कारण वह समय पर लोन की किस्त (ईएमआई) जमा नहीं कर सका. आरोप है कि इसके बाद फाइनेंस कंपनी के कर्मी लगातार उस पर बकाया राशि के भुगतान का दबाव बना रहे थे और पैसे नहीं देने पर उसके साथ बदसलूकी भी की जा रही थी.

पत्नी रोकती रही, लेकिन गुस्से में युवक ने तोड़ डाली बाइक

लगातार मिल रही प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने आपा खो दिया और गुस्से में बांस उठाकर अपनी ही बाइक पर बरसाना शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद उसकी पत्नी उसे लगातार रोकने और समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था. देखते ही देखते युवक ने पूरी बाइक को तोड़ डाला. स्थानीय लोग इस घटना को आर्थिक तंगी और फाइनेंस कंपनियों की तानाशाही का नतीजा बता रहे हैं.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >