Sitamarhi News: जिले के गाढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिक चौक स्थित किशोरी प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय में पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह निषेध और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था. पुलिस टीम ने छात्राओं और शिक्षकों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और कानूनी समाधान बताए.
पॉक्सो एक्ट और महिला सुरक्षा पर विशेष चर्चा
अभियान के दौरान छात्राओं को महिला उत्पीड़न, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, घरेलू हिंसा और लैंगिक अपराधों से जुड़ी महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी दी गई. पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे किसी भी अन्याय के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाएं. उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
‘डिजिटल अरेस्ट’ और साइबर ठगी से बचने के टिप्स
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी नई ठगी के तरीकों से आगाह किया गया. पुलिस ने ऑनलाइन सुरक्षा के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट से बचने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन (Two-Step Verification) अपनाने और क्यूआर कोड स्कैन करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी. इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और डायल-112 की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया गया.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
