Sitamarhi News: पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामलों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी विवेक कुमार को पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष कार्य बल (SIT) लगातार फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर उसे दबोचा गया.
सोनबरसा का रहने वाला है कुख्यात विवेक, दर्ज हैं कई गंभीर मामले
गिरफ्तार अभियुक्त विवेक कुमार, सोनबरसा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी नागेंद्र मंडल का पुत्र है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विवेक बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ सीतामढ़ी व आसपास के जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वह काफी समय से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल-बदल कर फरारी काट रहा था.
दो जिलों के 9 थानों के कांडों में था नामजद, SIT ने ऐसे दबोचा
विवेक के खिलाफ सीतामढ़ी के बथनाहा, सुरसंड, बेला, कन्हौली और सोनबरसा थाना समेत मधुबनी जिले के लदनियां थाना में कुल 9 गंभीर मामले दर्ज हैं. इन कांडों में डकैती, हत्या का प्रयास, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं. जिला आसूचना इकाई (DIU) द्वारा जुटाए गए इनपुट के आधार पर एसआईटी ने तमिलनाडु में जाल बिछाकर उसे धर दबोचा. पुलिस अब उसके आगे के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज एवं बेला से रघुनाथ प्रसाद की रिपोर्ट
