सीतामढ़ी: पोखर में तैरता मिला मां-बेटे का शव, हत्या या सुसाइड की गुत्थी में उलझी पुलिस

Sitamarhi News: परसौनी में प्रेम विवाह करने वाली महिला और उसके 5 वर्षीय बेटे का शव पोखर से बरामद हुआ है. शवों को देखकर पति मौके से भाग निकला. पुलिस और एफएसएल टीम मामले की गहन जांच में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: परसौनी थाना क्षेत्र के देमा चौक स्थित पुरनहिया पोखर से बुधवार की सुबह मां-बेटे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान मदनपुर पंचायत निवासी सुधीर साह की 30 वर्षीय पत्नी रंभा देवी तथा उनके 5 वर्षीय पुत्र सिद्धांत कुमार के रूप में हुई है. सुबह जैसे ही पोखर में शव तैरने की खबर फैली, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.

छह वर्ष पूर्व हुआ था अंतरजातीय प्रेम विवाह, मायके में कोहराम

जानकारी के अनुसार, रंभा देवी पुनौरा थाना क्षेत्र के गोविंद फंदह की निवासी थीं. करीब छह वर्ष पूर्व उन्होंने सुधीर साह से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों का एक 5 वर्षीय पुत्र था. मृतका के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे सुधीर ने फोन कर सूचना दी थी कि पत्नी और बच्चा घर पर नहीं हैं. इसके बाद बुधवार सुबह दोनों का शव पोखर में मिलने की खबर आई, जिससे मायके पक्ष में कोहराम मच गया है.

‘ई त हमारे पत्नी आ बउवा हई…’ कहकर भाग निकला पति

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुधीर साह रात से ही दोनों की खोजबीन कर रहा था. सुबह पोखर पर शव देखते ही वह बदहवास हो गया और रोते हुए चिल्लाया- ‘अरे बाप रे… ई त हमारे पत्नी आ हमारे बउवा हई.’ ग्रामीणों के अनुसार, कुछ देर तक वहां रोने-बिलखने के बाद वह पुलिसिया कार्रवाई और कानूनी पचड़े के डर से अचानक वहां से भाग निकला, जिससे चर्चाएं और तेज हो गई हैं.

एफएसएल टीम ने की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को कब्जे में ले लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर से एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >