सीतामढ़ी: कुशवाहा संघ ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, शिक्षा और जागरूकता पर जोर

Sitamarhi News: सीतामढ़ी के निर्मला उत्सव पैलेस में कुशवाहा संघ की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ. करीब 230 मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और गरीब बच्चों की मदद को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं. पढे़ं पूरी खबर…

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

Sitamarhi News: सीतामढ़ी शहर के निर्मला उत्सव पैलेस में रविवार को कुशवाहा समाज की ओर से भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और बच्चों के प्रोत्साहन को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें सामने आईं. समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए.

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुशवाहा संघ के अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद कुशवाहा ने की. मंच संचालन सुबोध कुमार और गीतकार गीतेश ने किया. समारोह का उद्घाटन बाजपट्टी विधायक रामेश्वर महतो, पूर्व एमएलसी राजकिशोर कुशवाहा, प्रो. डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. प्रवीण चंद्रा समेत कई अतिथियों ने दीप जलाकर किया. किड्स लैंड स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर माहौल को खास बना दिया.

शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता पर काम कर रहा संघ

संघ अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में पंजीकृत यह संगठन बालिका छात्रावास निर्माण, गरीब बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे तीन प्रमुख उद्देश्यों पर काम कर रहा है. उन्होंने समाज से शिक्षा को बढ़ावा देने में सहयोग की अपील की.

230 प्रतिभाशाली बच्चों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान करीब 230 मेधावी बच्चों को मेडल, प्रमाण पत्र, डायरी, पेन और कैलेंडर देकर सम्मानित किया गया. मैट्रिक और इंटर के टॉप-10 छात्रों के लिए विशेष प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया. कई शिक्षकों और विशेषज्ञों ने बच्चों को करियर और सफलता को लेकर मार्गदर्शन दिया.

जरूरतमंद बच्चों की मदद की घोषणा

कार्यक्रम में कई संस्थानों और समाजसेवियों ने गरीब बच्चों की पढ़ाई में मदद करने का ऐलान किया. जागृति कोचिंग क्लासेस ने निशुल्क शिक्षा देने की बात कही, वहीं किड्स लैंड स्कूल प्रबंधन ने कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा की. कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं और रक्तदान अभियान से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया गया.

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान में हिस्सा लिया. आयोजकों ने समारोह को सफल बनाने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >