शिकायतों के निपटारे में सीतामढ़ी ने मारी बाजी, बिहार के टॉप 10 जिलों में शामिल

Sitamarhi News: लोक शिकायत निवारण में सीतामढ़ी जिले ने बिहार में 10वां स्थान पाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. 85.43 अंकों के साथ जिले ने समय पर शिकायतों के निपटारे और अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. पढे़ं पूरी खबर…

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

Sitamarhi News: बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में सीतामढ़ी जिले ने प्रदेश स्तर पर अपनी धाक जमाई है. माह अप्रैल के लिए जारी राज्य स्तरीय रैंकिंग में जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वां स्थान प्राप्त किया है. निर्धारित मापदंडों और त्वरित कार्य निष्पादन के आधार पर सीतामढ़ी को कुल 85.43 अंक मिले हैं.

समय-सीमा के भीतर मामलों के निष्पादन में अव्वल

आंकड़ों के अनुसार, 01 अप्रैल 2022 से अक्टूबर माह तक नियत समय-सीमा के भीतर परिवादों के निष्पादन में जिले ने 92.96 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की है. इस श्रेणी में जिले को 10 में से 9.30 अंक हासिल हुए हैं. वहीं, समीक्षाधीन माह में समय-सीमा के भीतर मामलों को सुलझाने के मामले में जिला 99.53 प्रतिशत के लक्ष्य के साथ और भी बेहतर रहा, जिसके लिए 30 में से 29.86 अंक मिले हैं.

अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और अनुशासन

जिले की इस सफलता के पीछे सुदृढ़ कार्य संस्कृति और अनुशासन का बड़ा हाथ है. शिकायतों की सुनवाई के दौरान लोक प्राधिकारियों की उपस्थिति 100 प्रतिशत रही है. इसके अलावा द्वितीय अपील के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, दंड राशि की वसूली, अनुशासनात्मक कार्रवाई और बैठकों के विवरण को समय पर पोर्टल पर अपलोड करने जैसे मानकों में भी जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा है.

तीन पायदान की छलांग, रैंकिंग में सुधार

जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि जनवरी माह में जिले की रैंकिंग 13वीं थी. महज कुछ महीनों के भीतर तीन पायदान की सुधारात्मक छलांग लगाते हुए अब जिला 10वें पायदान पर पहुंच गया है. इसे जिला प्रशासन की उल्लेखनीय प्रगति और शिकायतों के निपटारे के प्रति उनकी गंभीरता का परिणाम माना जा रहा है. इस उपलब्धि से जिले के प्रशासनिक महकमे में उत्साह का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >