Sitamarhi News: जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजितपुर गाँव में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी हाई टेंशन बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़े युवक की पहचान गाँव के ही रामरूप ठाकुर के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है. मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे उसे टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क जाम की स्थिति बन गई.
प्रेम विवाह से इनकार और धमकी मिलने पर उठाया कदम
टावर पर मोबाइल लेकर चढ़े विकास कुमार ने ऊपर से ही चिल्लाकर और फोन पर अपनी आपबीती बताई. विकास का कहना है कि वह बाजितपुर गाँव की ही एक लड़की से बेहद प्रेम करता है और इस बात की जानकारी उसने अपने परिजनों को भी दे दी थी. लड़की के घर वाले भी इस रिश्ते को जानते थे, इसके बावजूद दोनों की शादी कराने से इनकार किया जा रहा था. युवक ने आरोप लगाया कि उसे बार-बार प्रताड़ित कर गाँव से बाहर जाने की धमकी दी जा रही थी, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
पुलिस के समझाने के बाद भी नीचे उतरने को तैयार नहीं युवक
घटना की सूचना मिलते ही बाजपट्टी थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची. पुलिस अधिकारियों ने युवक से मोबाइल फोन पर बात की और उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने का प्रयास किया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उसे सुरक्षित नीचे आने की गुहार लगाई, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा हुआ है. खबर लिखे जाने तक इलाके में यह हाई वोल्टेज ड्रामा लगातार जारी है और पुलिस-प्रशासन युवक को सुरक्षित उतारने के लिए मुस्तैद है.
सीतामढ़ी के बाजपट्टी से सत्य प्रकाश की रिपोर्ट
