Sitamarhi News: बैरगनिया में गरजा प्रशासन का बुलडोजर, वर्षों पुराना अवैध कब्जा महज़ मिनटों में ध्वस्त

Sitamarhi News: बैरगनिया के वृत्ति टोला-पचटकीराम रोड स्थित पुल चौक पर सीओ रंजीत कुमार के नेतृत्व में चला बुलडोजर. जितेंद्र सहनी द्वारा अतिक्रमित सरकारी जमीन को एसएसबी व पुलिस बल की मौजूदगी में कराया गया मुक्त. जानिए खबर विस्तार से…

Sitamarhi News: बिहार सरकार के कड़े निर्देशानुसार सरकारी जमीनों और आम रास्तों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए चलाया जा रहा महा-अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में शनिवार को बैरगनिया प्रखंड के वृत्ति टोला-पचटकीराम गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थित पुल चौक के समीप प्रशासन का बड़ा डंडा चला है. अंचलाधिकारी (सीओ) रंजीत कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल और एसएसबी (SSB) जवानों की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनी एक दुकान पर सीधे बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया और पूरी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया.

वर्षों पुराने अवैध कब्जे पर गरजा पीला पंजा

अंचल कार्यालय से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुल चौक के पास स्थित इस बेशकीमती सरकारी भूमि पर स्थानीय निवासी स्वर्गीय दीपलाल सहनी के पुत्र जितेंद्र सहनी द्वारा काफी लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा जमाया गया था. आरोपी ने सरकारी जमीन का अतिक्रमण करते हुए वहां एक झोपड़ीनुमा दुकान का निर्माण कर लिया था, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और स्थानीय स्तर पर कई शिकायतें भी मिल रही थीं. प्रशासन द्वारा पूर्व में दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज करने के बाद शनिवार को सीओ रंजीत कुमार की मौजूदगी में बुलडोजर (पीला पंजा) ने मौके पर पहुंचकर अवैध ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.

थानाध्यक्ष संग SSB के जवान रहे तैनात

चूंकि मामला अतिक्रमण हटाने और बुलडोजर कार्रवाई से जुड़ा था, इसलिए मौके पर किसी भी प्रकार के विरोध या हिंसक झड़प की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. बैरगनिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गिरी खुद भारी जिला पुलिस बल और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों के साथ मोर्चा संभाले हुए थे. कड़े सुरक्षा घेरे और प्रशासनिक मुस्तैदी के कारण पूरी कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था सामान्य बनी रही और किसी भी अप्रिय स्थिति के बिना शांतिपूर्ण ढंग से जमीन को खाली करा लिया गया. इस बड़ी कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही.

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं

कार्रवाई के उपरांत मीडिया से बात करते हुए अंचलाधिकारी (सीओ) रंजीत कुमार ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के नियमों के मुताबिक किसी भी सार्वजनिक, सरकारी या गैर-मजरूआ भूमि पर किसी भी रसूखदार या व्यक्ति विशेष का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अंचल क्षेत्र के भीतर जितने भी जलस्रोत, सड़कें या सरकारी भूखंड चिन्हित किए गए हैं, उन पर से अतिक्रमण हटाने का यह प्रशासनिक अभियान आने वाले दिनों में और भी तेज गति से अनवरत जारी रहेगा.

सीतामढ़ी के बैरगनिया से रौशन कुमार झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >