Sitamarhi Liquor Loot: सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बुधनगरा पुरानी बाजार और मुजफ्फरपुर के औराई सीमा से सटे पुल के पास खड़े एक संदिग्ध ट्रक से पुलिस ने 3576 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. दिलचस्प बात यह है कि ट्रक को शराब से भरा समझकर स्थानीय लोग टूट पड़े, लेकिन उन्हें शराब नहीं बल्कि फ्रूटी जूस के कार्टन ही हाथ लगे.
ट्रक को देखकर लोगों को हुआ शक
गुरुवार शाम हिमाचल प्रदेश नंबर का एक दस चक्का ट्रक लंबे समय तक पुल के पास खड़ा रहा. काफी देर तक चालक या अन्य कोई व्यक्ति ट्रक के आसपास नहीं दिखा, जिससे स्थानीय लोगों को संदेह हुआ.
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग ट्रक के पास पहुंच गए और शराब होने की आशंका में कार्टन निकालकर ले जाने लगे. मौके पर बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भी भीड़ जुट गई.
शराब नहीं, फ्रूटी जूस लेकर भागे लोग
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करों ने शराब छिपाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था. ट्रक में ऊपर से नीचे तक फ्रूटी जूस के कार्टन लोड किए गए थे, जबकि असली खेप अंदर बने विशेष तहखाने में छिपाकर रखी गई थी.
स्थानीय लोग तहखाने तक पहुंच ही नहीं पाए और शराब समझकर फ्रूटी जूस के करीब 20 कार्टन लेकर फरार हो गए. घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगीं.
यह भी पढे़ं: Bihar Land Transfer Rule Change: लैंड ट्रांसफर के नियम में बदलाव, DM को अब 10 एकड़ तक मंजूरी देने का अधिकार
पुलिस पहुंची तो खुला पूरा राज
सूचना मिलने के लगभग 15 मिनट के भीतर बोखड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो अंदर बने गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.
थानाध्यक्ष ललन कुमार के अनुसार ट्रक से कुल 3576 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है. साथ ही 100 कार्टन फ्रूटी जूस भी बरामद हुए हैं. जांच में यह भी पता चला कि ट्रक में रखे करीब 200 कार्टन फ्रूटी जूस क्षतिग्रस्त मिले हैं.
यह भी पढे़ं: Bihar Vidhwa Pension Scheme: सरकार दे रही हर महीने 1100 रुपये पेंशन , जानिए विधवा पेंशन योजना की पूरी प्रक्रिया
वीडियो फुटेज से होगी पहचान
पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जो ट्रक से सामान लेकर भागे थे. थानाध्यक्ष ने बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लोगों को चिन्हित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि ट्रक से फ्रूटी जूस लूटने वालों के खिलाफ भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
ट्रक मालिक और तस्करों पर केस
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक मालिक, चालक तथा शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फरार तस्करों की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढे़ं: Bihar E-Bus Service: लो भैया एक और बड़ी खुशखबरी, इन 6 शहरों में दौड़ेंगी 400 इलेक्ट्रिक बसें
