सीतामढ़ी: युवती से छेड़खानी और दुष्कर्म का प्रयास, बचाने आए भाई को पीटा, 6 पर एफआईआर दर्ज

सीतामढ़ी जिले के आजमगढ़ गांव में एक युवती और उसके भाई पर हुए हमले की घटना ने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.आरोपियों ने युवती से छेड़खानी कर दुष्कर्म का प्रयास किया और उसके भाई को भी पीटा.

Attempt to Rape: सीतामढ़ी जिला के डुमरा थाना क्षेत्र के आजमगढ़ गांव से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. यहां एक युवती के साथ छेड़खानी करने, उसके कपड़े फाड़ने और दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है. इस दौरान पीड़िता के चचेरे भाई के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई. डुमरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

घर के दरवाजे पर बैठे भाई-बहन पर आरोपियों ने किया हमला

पीड़िता द्वारा थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, वह अपने चचेरे भाई के साथ घर के दरवाजे पर बैठी हुई थी. इसी बीच आजमगढ़ गांव के ही रहने वाले केशव किशोर सिंह, महेश कुमार, मलय कुमार, आलोक कुमार, कृष्ण मोहन सिंह एवं सुरेश सिंह वहाँ अचानक धमक पड़े. आरोपियों ने वहाँ पहुँचते ही बिना किसी वजह के युवती के भाई प्रशांत कुमार के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया.

कमरे में खींचकर दुष्कर्म करने की कोशिश, कपड़े फाड़े

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि जब पीड़िता अपने भाई को पिटता देख उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी, तो आरोपियों ने उसे भी निशाना बना लिया. इस दौरान महेश कुमार, केशव किशोर सिंह और मलय कुमार ने उसके साथ सरेआम छेड़खानी की. तीनों ने उसके निजी अंगों को गलत तरीके से छुआ और उसके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया. दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपी उसे खींचकर एक कोठरी (कमरे) में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की.

शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण, जांच में जुटी डुमरा थाना पुलिस

पीड़िता ने बताया कि खुद को घिरता देख उसने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद उसका भाई भी मदद के लिए चिल्लाने लगा. भाई-बहन की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े. भारी संख्या में लोगों को अपनी तरफ आता देख सभी छह आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़िता का कहना है कि अगर समय रहते परिजन और ग्रामीण नहीं जुटते, तो उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.डुमरा थाना पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता के आवेदन पर तत्काल केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul kumar

Published by: Sumit Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >