Sitamarhi Crime News: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामढ़ी जिला अंतर्गत बेलसंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने नगर पंचायत क्षेत्र के बसौल चौक पर संध्या गश्त के दौरान रंगे हाथ गांजे का अवैध कारोबार करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में गांजा और गांजा भरा सिगरेट बरामद किया है.
गश्त के दौरान मिली थी गुप्त सूचना
जानकारी के अनुसार, बेलसंड पुलिस की टीम जब क्षेत्र में नियमित संध्या गश्त पर थी, तभी बसौल चौक स्थित एक पान की दुकान में गांजा की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जंगो राम के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई. पीटीसी रंजीत कुमार रौशन ने पुलिस बल के साथ उक्त पान दुकान पर अचानक छापेमारी कर दी.
160 ग्राम गांजा और 44 पीस सिगरेट जब्त
थानाध्यक्ष जंगो राम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार कारोबारी की पहचान मुद्रिका कुमार के रूप में हुई है. वह अपने पान दुकान की आड़ में लंबे समय से इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था. पुलिस ने तलाशी के दौरान दुकान से 160 ग्राम गांजा और 44 पीस गांजा भरा सिगरेट बरामद किया है.थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में बेलसंड थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी मुद्रिका कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है
