Sitamadhi News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय डुमरा पहुंचे. यहाँ उन्होंने सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के आवास पर जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. उनके आगमन को लेकर सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही.
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
नीतीश कुमार के डुमरा पहुंचते ही सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ अपने नेता का अभिनंदन किया. समर्थकों ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी भी की. स्वागत समारोह के बाद सांसद आवास पर एक बंद कमरे में सांगठनिक चर्चा शुरू हुई.
विकास और संगठन पर हुई चर्चा
आवास पर आयोजित बैठक में नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की वर्तमान स्थिति और बिहार के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने का निर्देश दिया. इस दौरान उन्होंने मौजूद स्थानीय नेताओं से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और उनके संभावित समाधानों पर भी फीडबैक लिया.
पटना के लिए रवानगी
करीब 12:30 बजे बैठक समाप्त करने के बाद नीतीश कुमार सड़क मार्ग से वापस पटना के लिए रवाना हो गए. उनके प्रस्थान के समय भी बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता आवास के बाहर डटे रहे. पार्टी नेताओं के अनुसार, इस दौरे से सीतामढ़ी और आसपास के जिलों में जदयू कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है.
सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट
