Sitamarhi: पुलिस की खास पहल, कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को बताए साइबर सुरक्षा के उपाय

Sitamarhi News: बैरगनिया में कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं को पुलिस ने साइबर सुरक्षा, महिला अधिकार और बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूक किया. आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के टिप्स देकर छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया है. पढे़ं पूरी खबर…

सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट

Sitamarhi News: जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोगी और सेखौना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तीकरण, नशा मुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन और साइबर फ्रॉड जैसे विषयों पर जागरूक करना था. पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने के टिप्स दिए.

साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया सुरक्षा पर जोर

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने किशोरियों को साइबर सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया. पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें. साथ ही, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और अनजान लिंक से बचने की सलाह दी गई. छात्राओं को समझाया गया कि थोड़ी सी सावधानी उन्हें बड़े वित्तीय या मानसिक शोषण से बचा सकती है.

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुटता

कार्यक्रम में मौजूद महिला हेल्प डेस्क प्रभारी ने दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रहार किया. उन्होंने छात्राओं को महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया. नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए पुलिस ने छात्राओं से अपील की कि वे समाज में एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं.

पूरे जिले में चलेगा अभियान

बैरगनिया पुलिस ने बताया कि जिले के सभी आवासीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य किशोरियों को इतना सशक्त और जागरूक बनाना है कि वे किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध के खिलाफ आवाज उठा सकें. इस मौके पर स्कूल की शिक्षिकाएं और कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >