Bairgania Ganja Raid: भारत-नेपाल सीमा के समीप नेपाल के रौतहट जिले अंतर्गत गौर नगरपालिका-3 में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. नाश्ते और पारंपरिक मिठाई 'खाजा' की दुकान की आड़ में गांजा बेचने के आरोप में पुलिस ने 125 पुड़िया गांजे के साथ दुकानदार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
रौतहट जिला पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को दुकान में गांजा बेचे जाने की सटीक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी:
- छापेमारी: सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गौर नगरपालिका-6 निवासी 34 वर्षीय शुभ नारायण साह द्वारा संचालित "काजल स्टील रेलिंग" नामक खाजा घर में अचानक छापेमारी की.
- बरामदगी: दुकान की तलाशी लेने पर वहां से 125 पुड़िया (कुल वजन लगभग 700 ग्राम) गांजा बरामद किया गया.
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
रौतहट जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी सह डीएसपी ने बताया कि आरोपी संचालक शुभ नारायण साह को गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामद गांजे को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: एसपी ने सुनी जन शिकायतें: मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश, कहा- पुलिस कार्रवाई में न हो देरी
