Nepali Liquor Seized: सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र में पुलिस ने मद्य निषेध कानून के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है. रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. हालांकि, पुलिस वाहन को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए. पुलिस तस्करों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
Smuggling Scorpio Bike: रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता
सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए रात्रि गश्ती पर निकली थी. इसी क्रम में पुलिस टीम को नेपाल के रास्ते भारी खेप लाए जाने की सूचना मिली. पुलिस अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके बाद तस्करों की इस बड़ी खेप का पर्दाफाश हुआ.
Sitamarhi News: लोहा पुल के समीप से स्कोर्पियो पर लदी शराब बरामद
थानाध्यक्ष ने बताया कि अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पुअनि चंद्रभूषण सिन्हा, विनोद कुमार और प्रशिक्षु पुअनि अभिजीत सिंह के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी. नगर पंचायत अंतर्गत लोहा पुल के समीप जब पुलिस पहुंची, तो एक संदिग्ध स्कोर्पियो गाड़ी दिखाई दी. जब पुलिस ने उसे रोकना चाहा, तो वाहन चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया. तलाशी लेने पर उस स्कोर्पियो से तीन सौ एमएल की कुल 1950 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई.
बाबा वाल्मीकेश्वर स्थान पथ से बाइक और शराब जब्त
पुलिस की दूसरी टीम ने बाबा वाल्मीकेश्वर स्थान जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग पर भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की. इस दौरान एक बाइक पर लदी अवैध शराब की खेप पकड़ी गई. पुलिस वाहन को अपनी ओर आते देख बाइक सवार तस्कर भी वाहन को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने उस मोटरसाइकिल से तीन सौ एमएल की 450 बोतल देसी शराब जब्त की है. इस तरह कुल 2400 बोतल शराब बरामद की गई है.
तस्करों की पहचान में जुटी सुरसंड थाना पुलिस
पुलिस ने जब्ती की इस कार्रवाई के बाद स्कोर्पियो और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है. जब्त किए गए दोनों वाहनों के नंबर प्लेट और चेसिस नंबर के आधार पर उनके असली मालिकों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस फरार तस्करों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश बना रही है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर के बरूराज में दो हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद
